ऑपरेशन सिंदूर में BSF ने पाकिस्तान को दिया करारा जवाब: अमित शाह
बीकानेर, राजस्थान: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सीमा सुरक्षा बल (BSF) की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि जवानों ने हर चुनौती का मजबूती से सामना किया और जरूरत पड़ने पर पाकिस्तान को “करारा जवाब” दिया।
राजस्थान के बीकानेर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित सांचू बॉर्डर आउटपोस्ट के दौरे के दौरान BSF जवानों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि BSF ने न केवल सीमा पर मजबूती से डटकर मुकाबला किया, बल्कि सीमावर्ती जिलों के नागरिकों का मनोबल बनाए रखने में भी बड़ी भूमिका निभाई।
"जहां BSF ने जिम्मेदारी संभाली, वहां जवान मजबूती से खड़े रहे"
अमित शाह ने कहा, “मैं ऑपरेशन सिंदूर के दौरान BSF जवानों के प्रदर्शन की बेहद सराहना करता हूं। जहां-जहां BSF ने जिम्मेदारी संभाली, वहां जवान मजबूती से खड़े रहे। इतना ही नहीं, सीमावर्ती इलाकों के लोगों का मनोबल बनाए रखने में भी BSF ने बड़ा योगदान दिया और जहां जरूरत पड़ी, वहां पाकिस्तान को करारा जवाब भी दिया। यह हमेशा से आपकी परंपरा रही है।”
सांचू पोस्ट भारतीय युद्धों के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज
अमित शाह ने सांचू पोस्ट के महत्व का जिक्र करते हुए कहा, “यह पोस्ट भारतीय युद्धों के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। आज मैं उसी धरती पर खड़ा होकर आपसे बात कर रहा हूं, यह मेरे लिए गर्व और खुशी की बात है।”
ऑपरेशन सिंदूर पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों का बदला लेने और भारत में आतंकी हमलों की साजिश रचने वाले जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आतंकियों को निशाना बनाने के लिए चलाया गया था।
BSF ने कुल 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए
भारतीय सशस्त्र बलों ने इस अभियान के तहत पाकिस्तान के बहावलपुर, मुरीदके और सियालकोट समेत कुल 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। इनमें 4 ठिकाने पाकिस्तान में और 5 पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) में स्थित थे। यह संयुक्त अभियान भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना द्वारा आधुनिक हथियारों और समन्वित रणनीति के साथ अंजाम दिया गया था।