दीपोत्सव का दीया कुम्हार, किसान और श्रमिक परिवारों की आजीविका को दे रहा रोशनी: सीएम योगी*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रभु श्रीराम की नगरी पहुंचने से पहले सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर पोस्ट कर दीपोत्सव का महत्व बताया।
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रभु श्रीराम की नगरी पहुंचने से पहले सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर पोस्ट कर दीपोत्सव का महत्व बताया। उन्होंने लिखा कि श्री अयोध्या धाम का भव्य दीपोत्सव आस्था को तो मजबूत कर ही रहा है, साथ ही आर्थिकी को भी नई ऊर्जा दे रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, यहां जलने वाला हर दीया किसी कुम्हार की मेहनत, किसी किसान की उपज और किसी परिवार की रोजी-रोटी को नई रोशनी दे रहा है।
2017 से पहले नहीं थी यह रोशनी:
मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में कहा कि वर्ष 2017 से पहले यह रोशनी नहीं थी। उनके अनुसार, उस समय राम नगरी की बड़ी सांस्कृतिक संभावनाओं को स्थानीय कारीगरों, किसानों और छोटे व्यापारियों की समृद्धि से जोड़ने की कोई कोशिश नहीं हुई। आस्था की ताकत को रोजगार और आजीविका के नए अवसरों में बदलने की सोच तब पूरी तरह गायब थी।
डबल इंजन सरकार ने दूर किया अंधकार:
मुख्यमंत्री ने लिखा कि डबल इंजन सरकार ने इस अंधकार को दूर किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में लाखों दीयों से जगमगाने वाला भव्य दीपोत्सव आज कुम्हारों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के लिए काम और कारोबार के नए अवसर पैदा कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस दीये से राम नगरी रोशन होती है, उसी से किसी मेहनतकश परिवार के घर में खुशहाली की उम्मीद भी जगती है। उन्होंने लिखा कि हमारा दीपोत्सव ऐसा ही है।