गोंडा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा में गौरा और मनकापुर विधानसभा क्षेत्र के कई लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान पाकर लाभार्थी काफी खुश नजर आए और सभी ने उनका आभार जताया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को मंच पर बुलाकर योजनाओं की सहायता राशि, आवास की चाभी और स्वीकृति पत्र दिए। कई लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, डेमो कार्ड और उपहार भी दिए गए। इनमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, आवास योजना और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना समेत कई योजनाओं के लाभार्थी शामिल थे।

आयुष्मान कार्ड से लेकर आवास तक:

आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी राम प्रताप को आयुष्मान कार्ड का डेमो दिया गया। राम प्रताप ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों यह कार्ड पाना उनके लिए सपना सच होने जैसा है। उन्होंने बताया कि इससे पूरे परिवार के स्वास्थ्य की गारंटी मिल गई है और अब इलाज की चिंता नहीं रहेगी।

मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से संगीता को 85 हजार रुपये का डेमो चेक दिया गया। संगीता ने सीएम योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसी मदद से हमें संबल मिलता है। घनश्याम को आवास की चाभी सौंपी गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की वजह से ही उन्हें पक्की छत मिली है और अब उनका परिवार सुरक्षित रह सकेगा। मीना को भी आवास की डेमो चाभी दी गई।

आजीविका मिशन के तहत रेनू वर्मा को 12 करोड़ रुपये का डेमो चेक दिया गया। उन्होंने कहा कि इस राशि से समूह को आगे बढ़ाने में बड़ी मदद मिलेगी। झिनकना देवी को दो लाख रुपये की सहायता दी गई।

स्वरोजगार, पशुपालन और मत्स्य पालन के लिए भी मदद:

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत बीनू पांडेय को स्वरोजगार के लिए एक लाख 19 हजार रुपये का डेमो चेक दिया गया। मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना के तहत निर्मला देवी को 50 हजार रुपये की सहायता का चेक मिला। मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत रामतीर्थ को सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लाभार्थी मुस्ताक अहमद को पांच लाख 60 हजार रुपये का डेमो चेक दिया गया। लकी सिंह की पढ़ाई के प्रति लगन बढ़ाने के लिए उन्हें स्टडी टेबल दी गई।

लाभार्थियों ने कहा कि सरकार की योजनाओं से जरूरतमंदों को आर्थिक सहारा मिल रहा है और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का मौका भी मिल रहा है। मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से उनकी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।