गोरखपुर:  गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। उन्होंने लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा। कुछ लोगों ने शिकायत की कि आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) पोर्टल पर उनके मामलों में गलत रिपोर्ट लगा दी गई है। इस पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आईजीआरएस पर गलत रिपोर्ट लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि हर पीड़ित की समस्या को संवेदनशीलता से सुना जाए और उसका समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण हो।

करीब 200 लोगों की सुनीं समस्याएं:

जनता दर्शन गोरखनाथ मंदिर परिसर में महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित हुआ। इसमें मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से कहा कि सबकी समस्या का समाधान कराया जाएगा, किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। लोगों के प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए उन्होंने कहा कि हर समस्या का निस्तारण जल्दी, गुणवत्ता के साथ और संतोषजनक ढंग से होना चाहिए।

कुछ लोगों ने जबरन जमीन कब्जाने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अफसरों से यह भी कहा कि अगर किसी मामले में पीड़ित को लगातार परेशानी झेलनी पड़ी है, तो इसकी जांच की जाए और जवाबदेही तय की जाए।

इलाज में धन की कमी नहीं बनेगी बाधा:

जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि पैसे की कमी इलाज में रुकावट नहीं बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल से इलाज का इस्टीमेट बनवाने की प्रक्रिया जल्दी पूरी कर उसे शासन को भेजा जाए। इलाज के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त राशि दी जाएगी।

एक दिव्यांग युवती ने परिवार की आर्थिक तंगी के बारे में बताया। उसने अपने इंटर पास भाई के लिए रोजगार की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इस प्रार्थना पत्र पर उचित सहयोग किया जाए।