वृक्षों के अंधाधुंध कटान से हो सकता है जल और खाद्यान्न संकट: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वृक्ष केवल हरियाली नहीं बढ़ाते, बल्कि जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और खाद्य सुरक्षा के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पौधरोपण महायज्ञ-2026 के तहत गोरखपुर में आरकेबीके के समीप ताल रिंग रोड किनारे मौलश्री का पौधा रोपित कर प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल हरियाली नहीं बढ़ाते, बल्कि जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और खाद्य सुरक्षा के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
पौधरोपण के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक वृक्ष अपने भीतर हजारों लीटर जल का संरक्षण करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पर्याप्त वन और वृक्ष होते हैं, वहां नदियां अधिक समय तक सदानीरा बनी रहती हैं। इसके विपरीत, अंधाधुंध वृक्षों की कटाई से जल संकट गहराता है और भविष्य में खाद्यान्न उत्पादन भी प्रभावित हो सकता है।
पर्यावरण असंतुलन से बढ़ रही चुनौतियां:
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन का असर वर्षा चक्र पर भी पड़ रहा है, जिससे किसानों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई से भूजल स्तर गिरता है, पेयजल संकट बढ़ता है और सूखे जैसी परिस्थितियां उत्पन्न होती हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़े और पौधरोपण के साथ उसकी सुरक्षा का भी संकल्प ले।
35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य:
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश सरकार ने एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में यह लक्ष्य आसानी से पूरा किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत औषधीय, फलदार, छायादार और इमारती प्रजातियों सहित विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में चलाए गए व्यापक पौधरोपण अभियानों और पौधों की सुरक्षा के प्रभावी प्रयासों का परिणाम है कि प्रदेश में वनाच्छादन में वृद्धि दर्ज की गई है। भारतीय संस्कृति में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का विशेष महत्व है और व्यापक पौधरोपण के माध्यम से वर्तमान तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
पौधरोपण के बाद मुख्यमंत्री ने रामगढ़ताल की प्राकृतिक सुंदरता का अवलोकन किया और वहां स्मृति स्वरूप सेल्फी भी ली।
इस अवसर पर सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।