सपा अध्यक्ष सच में धार्मिक हैं तो श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर खुलकर बोलें: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस के सिकंदराराऊ और सादाबाद विधानसभा क्षेत्रों में 548 करोड़ रुपये से अधिक की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

By  Mangala Tiwari June 28th 2026 05:08 PM

हाथरस: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस के सिकंदराराऊ और सादाबाद विधानसभा क्षेत्रों में 548 करोड़ रुपये से अधिक की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने की बात करने वालों को पहले अपना राजनीतिक इतिहास देखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने राम जन्मभूमि आंदोलन का विरोध किया, रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजनों पर रोक लगाई और कांवड़ यात्रा तक प्रतिबंधित कर दी थी। ऐसे लोग आज अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने की बात कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या का भव्य विकास हुआ है और आज यह दुनिया भर के श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामभक्तों के प्रयासों से अयोध्या को नई पहचान मिली है, इसलिए उसे किसी राजनीतिक दल के प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों की चाबियां, स्मार्टफोन, आयुष्मान कार्ड तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत चेक भी वितरित किए। स्टॉल का निरीक्षण करते समय उन्होंने एक छोटी बच्ची को चम्मच से दूध पिलाया और उसे गोद में लेकर स्नेह भी जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में मंदिरों के विकास की उपेक्षा की गई, जबकि वर्तमान सरकार ने हाथरस के 22 से अधिक मंदिरों का सौंदर्यीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि सरकार आस्था के केंद्रों के संरक्षण और विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें अयोध्या की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने सलाह दी कि वे एक बार रामलला के दर्शन करें और यदि वास्तव में धार्मिक आस्था का सम्मान करते हैं तो मथुरा-वृंदावन तथा श्रीकृष्ण जन्मभूमि के विषय पर भी स्पष्ट रुख अपनाएं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि संविधान की सबसे बड़ी अवहेलना कांग्रेस ने वर्ष 1975 में आपातकाल लागू कर की थी। उन्होंने कहा कि उस समय लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाले अनेक नेताओं को जेल भेज दिया गया था। उनके अनुसार आज समाजवादी पार्टी उसी कांग्रेस के साथ खड़ी होकर उसके कार्यों का समर्थन कर रही है।

कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दंगों, कर्फ्यू और माफिया राज के लिए जाना जाता था, जबकि आज प्रदेश विकास और सुरक्षा का मॉडल बन चुका है। उन्होंने कहा कि हाल ही में मोहर्रम के दौरान प्रदेशभर में लगभग 12 हजार जुलूस निकले, लेकिन कहीं भी दंगा, उपद्रव या कर्फ्यू जैसी स्थिति नहीं बनी।

उन्होंने कहा कि हाथरस में औद्योगिक विकास तेजी से हो रहा है। मथुरा-बरेली फोरलेन से बेहतर संपर्क बनने के कारण निवेश बढ़ रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। आलू उत्पादक किसानों के लिए प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिससे उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और कोल्ड स्टोरेज पर निर्भरता कम होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। गरीबों को मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन तथा त्योहारों पर मुफ्त गैस सिलेंडर जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार वही होती है जो विकास के साथ गरीबों के कल्याण, युवाओं को रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता दे। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश अपराध, माफिया, दंगे और कर्फ्यू से मुक्त होकर देश की सबसे तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है।

इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक अंजुला सिंह माहौर, विधायक बीरेंद्र सिंह राणा, विधायक प्रदीप कुमार, भाजपा के वरिष्ठ नेता दिनेश शर्मा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.