सीएम योगी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश आम महोत्सव का करेंगे शुभारंभ

उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 का आयोजन 3 से 5 जुलाई तक गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जाएगा।

By  Mangala Tiwari July 2nd 2026 09:02 PM

लखनऊ: उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 का आयोजन 3 से 5 जुलाई तक गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान सात श्रेणियों और 56 वर्गों में 800 से अधिक आम की प्रजातियों का प्रदर्शन किया जाएगा।


उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 4 जुलाई को जन भवन, लखनऊ में पहली बार आम क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा। इसका उद्देश्य बागवानों को सीधे खरीदारों और निर्यातकों से जोड़ना है।


महोत्सव में उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के उद्यान विभाग के प्रतिनिधि, प्रगतिशील बागवान और निर्यातक हिस्सा लेंगे। प्रदर्शन के लिए लगाए गए आम के पौधे बिक्री के लिए भी उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि महोत्सव से कम से कम एक पौधा खरीदकर उसे अवश्य लगाएं।


महोत्सव में बच्चों के लिए आम खाने की प्रतियोगिता और आम से बने व्यंजनों की प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेगी। वहीं बागवानों के लिए उन्नत खेती, तुड़ाई के बाद प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा विपणन से जुड़ी विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।


उद्यान मंत्री ने बताया कि आम उत्पादन के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश के 3.27 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में करीब 61.96 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन होता है, जो देश के कुल उत्पादन का लगभग 26.22 प्रतिशत है। प्रदेश के दशहरी, लंगड़ा, चौसा, लखनऊ सफेदा, रटौल और आम्रपाली जैसी किस्में देश-विदेश में अपनी गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध हैं।


उन्होंने बताया कि प्रदेश से आम के निर्यात में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2025-26 में 3,563 मीट्रिक टन आम और आम का पल्प करीब 12.67 करोड़ रुपये के मूल्य का निर्यात किया गया, जबकि पिछले वर्ष यह 404 मीट्रिक टन और 2.63 करोड़ रुपये था। उत्तर प्रदेश का आम यूनाइटेड किंगडम, यूएई, सऊदी अरब, मलेशिया, सिंगापुर, कुवैत, न्यूजीलैंड, बेल्जियम, जापान, इटली, कतर और रूस सहित कई देशों में भेजा जा रहा है।


प्रदेश में आम के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ, सहारनपुर, वाराणसी और अमरोहा में आधुनिक मैंगो पैक हाउस स्थापित किए गए हैं। वहीं जेवर एयरपोर्ट के पास फलों की टेस्टिंग और ट्रीटमेंट सेंटर बनाया जा रहा है। किसानों को बेहतर गुणवत्ता का उत्पादन करने के लिए इस वर्ष करीब 1.50 करोड़ फल बैग वितरित किए गए हैं। साथ ही पुराने और कम उत्पादन वाले बागों के कैनोपी प्रबंधन के लिए 40 प्रतिशत तक अनुदान भी दिया जा रहा है।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.