उत्सव में उपद्रव करने वाला सात पीढ़ियों तक भुगतेगा: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज है और किसी भी पर्व-त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।

By  Mangala Tiwari June 26th 2026 06:58 PM

देवरिया: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज है और किसी भी पर्व-त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई उत्सव के दौरान उपद्रव फैलाने की कोशिश करेगा तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि मुहर्रम जैसे संवेदनशील अवसर भी प्रदेश में पूरी शांति के साथ संपन्न हो रहे हैं। अब न तो खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन होता है और न ही सड़कों पर गुंडागर्दी बर्दाश्त की जाती है।


मुख्यमंत्री शुक्रवार को देवरिया के रुद्रपुर और बरहज विधानसभा क्षेत्रों में 456 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 106 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के 10 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद से अपराध, माफिया और अराजक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की गई है। जो भी व्यक्ति कानून व्यवस्था को चुनौती देगा, माफिया गतिविधियों में शामिल होगा या जनआस्था के साथ खिलवाड़ करेगा, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश में निवेश का माहौल बना है और तेजी से नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि कभी उत्तर प्रदेश दंगों और माफियाओं के लिए जाना जाता था। उन्होंने 2016 में मदनपुर थाने में हुई लूट और आगजनी की घटना का भी उल्लेख किया।

देवरिया की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भूमि बाबा दुखहरणनाथ, बाबा महेंद्रनाथ, महर्षि देवरहा बाबा और बाबा राघवदास जैसी महान विभूतियों के आशीर्वाद से पवित्र है। उन्होंने इस धरती को नमन करते हुए कहा कि यहां आना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

डबल इंजन सरकार से बदली विकास की रफ्तार:

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय देवरिया के लोगों को सड़क और पुल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए वर्षों तक इंतजार करना पड़ता था, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। पडरौना, कसया, पथरदेवा, देवरिया, सोनूघाट, बरहज और दोहरीघाट को वाराणसी तथा गोरखपुर से जोड़ने वाली सड़कें पूर्व-पश्चिम संपर्क को मजबूत कर रही हैं। वहीं हाटा, गौरीबाजार और कौड़ीराम तक बनने वाली फोरलेन सड़कें उत्तर-दक्षिण संपर्क को नई गति देंगी।

युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ रही सरकार:

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है। सरकार युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। अब तक 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं, जबकि विभिन्न योजनाओं और पारंपरिक उद्योगों के माध्यम से लगभग 3 करोड़ लोगों को रोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

सुरक्षा से बढ़ा निवेश:

उन्होंने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था के चलते देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर सहित पूरे पूर्वांचल में निवेश तेजी से बढ़ा है। नए उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार मिल रहा है। सरकार की निवेश आधारित योजनाओं के माध्यम से 65 लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया है। साथ ही किसानों के हित में आधुनिक कृषि तकनीक, सिंचाई सुविधाओं और कृषि शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे प्रदेश का कृषि उत्पादन लगातार बढ़ रहा है।

विपक्ष पर साधा निशाना:

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके शासनकाल में नौकरियों में भ्रष्टाचार और सिफारिश का बोलबाला था। आज सभी भर्तियां पूरी पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर की जा रही हैं। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछली सरकार ने बिना भूमि अधिग्रहण के टेंडर जारी कर दिया था, जबकि भाजपा सरकार ने पहले जमीन उपलब्ध कराई और फिर नई प्रक्रिया के तहत कार्य कराया। इससे परियोजना की लागत में लगभग चार हजार करोड़ रुपये की बचत हुई।

उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली की जनता को वर्षों तक भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। इसके विपरीत अयोध्या में डबल इंजन सरकार ने एयरपोर्ट, फोरलेन सड़कें, यात्री सुविधाएं और अन्य आधुनिक विकास कार्यों के जरिए शहर की तस्वीर बदल दी है।

बरहज बनेगा जलमार्ग व्यापार का प्रमुख केंद्र:

मुख्यमंत्री ने कहा कि बरहज भविष्य में इनलैंड वाटरवे परियोजना का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां से किसानों के फल, सब्जियां, मिलेट्स, फूल और अन्य कृषि उत्पाद जलमार्ग के जरिए देश और विदेश के बाजारों तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ नियंत्रण, सड़क संपर्क और ग्रामीण विकास के लिए भी लगातार कार्य कर रही है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 6.18 लाख गरीब परिवारों को आवास स्वीकृत किए गए हैं। सरकार हर पात्र परिवार तक पक्का घर, शौचालय, आयुष्मान कार्ड और मुफ्त राशन पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

युवा उद्यमियों को मिल रहा प्रोत्साहन:

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ब्याज एवं गारंटी मुक्त ऋण दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाला बनाना है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की भी अपील की और कहा कि रूफटॉप सोलर से बिजली बिल में कमी आएगी तथा स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। अब बच्चे सुरक्षित हैं और बेटियां सम्मान के साथ विद्यालय जा रही हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में सरकार लगातार कार्य कर रही है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रधानों, विधायकों और सांसदों से भी आह्वान किया कि वे सुनिश्चित करें कि कोई गरीब भूखा न रहे, कोई पात्र महिला पेंशन से वंचित न हो और प्रत्येक जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों के हितों की रक्षा तथा प्रदेश के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.