नाबालिग छात्रा से अभद्रता का आरोप, आरोपी के खिलाफ पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट में FIR

जौनपुर जिले के मड़ियाहूं थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़, विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।

By  Mangala Tiwari July 29th 2026 12:02 PM

जौनपुर: जौनपुर जिले के मड़ियाहूं थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़, विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


एफआईआर के अनुसार, घटना 13 जुलाई की सुबह करीब 7:30 बजे की बताई गई है। नाबालिग छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि रास्ते में बेलवा निवासी लल्लू दुबे उर्फ विजय ने उसे रोक लिया और उसके साथ अभद्रता करने लगा।


परिजनों के अनुसार, छात्रा ने आरोपी का विरोध किया तो उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।


पहले भी परेशान करने का आरोप:


पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी इससे पहले भी छात्रा के साथ अनुचित हरकत करने का प्रयास कर चुका था। घटना के बाद परिवार ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी ली।इसके बाद परिजनों ने मड़ियाहूं थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


शिकायत के बाद परिवार को धमकाने का आरोप:


एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर पीड़िता और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी। परिजनों का कहना है कि धमकियों के बाद परिवार में भय का माहौल है।


क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई जांच:


पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.