कांवड़ यात्रा में अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं, उपद्रव का प्रयास करने वाले को कान पकड़कर बाहर कर देंः मुख्यमंत्री

प्रदेश के नागरिकों को ऐसे तत्वों से सतर्क रहना चाहिए जो समाज को जाति, क्षेत्र या अन्य आधारों पर बांटने का प्रयास करते हैं।

By  Mangala Tiwari July 17th 2026 07:16 PM

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर थी और कई क्षेत्रों से लोगों के पलायन की घटनाएं सामने आती थीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नागरिकों को ऐसे तत्वों से सतर्क रहना चाहिए जो समाज को जाति, क्षेत्र या अन्य आधारों पर बांटने का प्रयास करते हैं।


मुख्यमंत्री शुक्रवार को शामली जिले के कैराना, शामली और थानाभवन विधानसभा क्षेत्रों में 581 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 89 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में क्षेत्र में आधारभूत ढांचे, कानून-व्यवस्था और विकास के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं।


ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख:

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में शामली और कैराना की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र धार्मिक, सांस्कृतिक और स्वतंत्रता संग्राम की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि कैराना घराने ने भारतीय शास्त्रीय संगीत को भी विशिष्ट पहचान दी है।


कानून-व्यवस्था में सुधार का दावा:

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय शामली और कैराना की पहचान अपराध और असुरक्षा से जुड़ी थी, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है। उनके अनुसार, क्षेत्र में अब निवेश और विकास का बेहतर वातावरण तैयार हुआ है।


एक्सप्रेसवे और बिजली से बदली तस्वीर:

उन्होंने कहा कि शामली अब दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, शामली-अंबाला एक्सप्रेसवे और प्रस्तावित गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे जैसे महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों से जुड़ रहा है। इसके अलावा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है।


गन्ना किसानों और चीनी उद्योग का जिक्र:

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश सरकार ने चीनी उद्योग के पुनरोद्धार पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हैं और किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान समय पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश गन्ना, चीनी और एथेनॉल उत्पादन में देश में अग्रणी राज्य बना हुआ है।


युवाओं को मिल रहे रोजगार के अवसर:

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर होने और औद्योगिक विकास के कारण युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है और स्थानीय युवाओं को भी रोजगार का लाभ मिल रहा है।


कांवड़ यात्रा में अनुशासन बनाए रखने की अपील:

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और कांवड़ समितियों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई असामाजिक तत्व यात्रा की मर्यादा भंग करने का प्रयास करे तो उसे यात्रा से अलग कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी धार्मिक आयोजन शांति, अनुशासन और परंपराओं के अनुरूप संपन्न होने चाहिए।


शामली को मिलेगा औद्योगिक लाभ:

मुख्यमंत्री ने कहा कि शामली तेजी से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के विकास से जुड़ रहा है। उन्होंने बताया कि यहां प्रदेश का पहला एकीकृत निजी टेक्सटाइल प्रोजेक्ट स्थापित किया जा रहा है, जिससे करीब 8,000 युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। साथ ही गोरखपुर-शामली आर्थिक कॉरिडोर और अन्य सड़क परियोजनाएं क्षेत्र की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेंगी।


जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना:

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों के विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास के बल पर प्रदेश में आधारभूत ढांचे, रोजगार, कृषि और औद्योगिक विकास को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।


कार्यक्रम में जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटिक, विधायक प्रसन्न कुमार, विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल, चौधरी वीरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, पूर्व मंत्री सुरेश राणा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.