वाराणसी: बाढ़ के बाद गंगा घाटों की सफाई तेज, नमामि गंगे ने पर्यटकों को किया जागरूक

विश्व पर्यटन दिवस पर वाराणसी के नमो घाट पर नमामि गंगे के तहत सफाई अभियान चलाया गया। राजेश शुक्ला ने लोगों से गंगा में कचरा नहीं डालने की अपील की। अभियान में पर्यटकों और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

By  Preeti Kamal September 27th 2026 05:30 PM -- Updated: September 27th 2026 04:04 PM

वाराणसी, उत्तर प्रदेश: विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर वाराणसी के प्रसिद्ध नमो घाट पर नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान गंगा को स्वच्छ और निर्मल रखने का संकल्प लिया गया। अभियान का मुख्य संदेश रहा—“नदियां साफ होंगी तो पर्यटन बढ़ेगा।”

नमामि गंगे काशी क्षेत्र के समन्वयक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने स्वयंसेवकों की टीम के साथ नमो घाट के आसपास सफाई की। उन्होंने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से गंगा और उसके घाटों को स्वच्छ रखने की अपील की।

साफ नदियों से बढ़ता है पर्यटन

राजेश शुक्ला ने कहा कि स्वच्छ नदियां पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और पर्यटन उद्योग को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए नदियों की स्वच्छता बेहद जरूरी है।

पर्यटकों और श्रद्धालुओं को जागरूक करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी सभ्यता नदियों के बिना विकसित नहीं हो सकती। गंगा भारत की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है और देश को एक सूत्र में जोड़ती है। उन्होंने कहा कि मां गंगा के बिना भारतीय सभ्यता और पर्यटन की कल्पना अधूरी है।

पर्यटकों से गंगा में कचरा न डालने की अपील

गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने नदी किनारे यात्रा या तीर्थयात्रा करने वाले लोगों से जिम्मेदार पर्यटक बनने की अपील की। उन्होंने लोगों से संकल्प लेने को कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का कचरा गंगा में नहीं डालेंगे।

अभियान में नमामि गंगे काशी क्षेत्र के समन्वयक राजेश शुक्ला के साथ अविनाश तिवारी, रुचि पाठक, गोल्डी पाठक, अविनाश पाठक और विशाल भारद्वाज समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और सैकड़ों पर्यटक शामिल हुए।

बाढ़ के बाद घाटों पर सफाई अभियान तेज

हाल में आई बाढ़ के बाद नमामि गंगे और वाराणसी नगर निगम ने गंगा और उसके घाटों पर सफाई अभियान तेज किया है। विभिन्न टीमों द्वारा नदी और आसपास के क्षेत्रों से गाद, पूजा सामग्री और बाढ़ के कारण जमा हुए कचरे को हटाया जा रहा है।

शहर के अलग-अलग घाटों के साथ गंगा नदी में भी सफाई अभियान चलाया गया। गंगापुत्रों और स्वयंसेवकों ने नदी में तैर रही पूजा सामग्री तथा बाढ़ से आए कचरे को हटाया और लोगों को नदी तथा उसके किनारों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया। यह अभियान नमामि गंगे काशी क्षेत्र के समन्वयक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के समन्वय में चलाया गया।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.