वाराणसी, उत्तर प्रदेश: विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर वाराणसी के प्रसिद्ध नमो घाट पर नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान गंगा को स्वच्छ और निर्मल रखने का संकल्प लिया गया। अभियान का मुख्य संदेश रहा—“नदियां साफ होंगी तो पर्यटन बढ़ेगा।”
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के समन्वयक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने स्वयंसेवकों की टीम के साथ नमो घाट के आसपास सफाई की। उन्होंने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से गंगा और उसके घाटों को स्वच्छ रखने की अपील की।
विश्व नदी दिवस पर जीवनदायिनी माँ गंगा को नमन।गंगा केवल एक नदी नहीं, भारत की सभ्यता, संस्कृति, आस्था, आजीविका और जैवविविधता की अविरल धारा हैं। हिमालय से मैदानों तक करोड़ों जीवन को संवारती गंगा, गांगेय डॉल्फिन सहित अनगिनत जीवों का भी आश्रय हैं।गंगा का संरक्षण केवल नदी का… pic.twitter.com/ptMSjCofnr
— Namami Gange (@cleanganganmcg) September 27, 2026
साफ नदियों से बढ़ता है पर्यटन
राजेश शुक्ला ने कहा कि स्वच्छ नदियां पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और पर्यटन उद्योग को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए नदियों की स्वच्छता बेहद जरूरी है।
पर्यटकों और श्रद्धालुओं को जागरूक करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी सभ्यता नदियों के बिना विकसित नहीं हो सकती। गंगा भारत की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है और देश को एक सूत्र में जोड़ती है। उन्होंने कहा कि मां गंगा के बिना भारतीय सभ्यता और पर्यटन की कल्पना अधूरी है।
पर्यटकों से गंगा में कचरा न डालने की अपील
गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने नदी किनारे यात्रा या तीर्थयात्रा करने वाले लोगों से जिम्मेदार पर्यटक बनने की अपील की। उन्होंने लोगों से संकल्प लेने को कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का कचरा गंगा में नहीं डालेंगे।
अभियान में नमामि गंगे काशी क्षेत्र के समन्वयक राजेश शुक्ला के साथ अविनाश तिवारी, रुचि पाठक, गोल्डी पाठक, अविनाश पाठक और विशाल भारद्वाज समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और सैकड़ों पर्यटक शामिल हुए।
विश्व पर्यटन दिवस पर #SwachhataHiSeva एवं #SewaSankalp2026 के अंतर्गत साहिबगंज के निर्माणाधीन Waste-to-Wonder Park में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।विद्यार्थियों को कचरा पृथक्करण, पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण, नगर की स्वच्छता, महिला स्वच्छता एवं मासिक… pic.twitter.com/HgzIBbkbbT
— Namami Gange (@cleanganganmcg) September 27, 2026
बाढ़ के बाद घाटों पर सफाई अभियान तेज
हाल में आई बाढ़ के बाद नमामि गंगे और वाराणसी नगर निगम ने गंगा और उसके घाटों पर सफाई अभियान तेज किया है। विभिन्न टीमों द्वारा नदी और आसपास के क्षेत्रों से गाद, पूजा सामग्री और बाढ़ के कारण जमा हुए कचरे को हटाया जा रहा है।
शहर के अलग-अलग घाटों के साथ गंगा नदी में भी सफाई अभियान चलाया गया। गंगापुत्रों और स्वयंसेवकों ने नदी में तैर रही पूजा सामग्री तथा बाढ़ से आए कचरे को हटाया और लोगों को नदी तथा उसके किनारों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया। यह अभियान नमामि गंगे काशी क्षेत्र के समन्वयक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के समन्वय में चलाया गया।
Add GTC Bharat on Google