जो युवाओं का रोजगार खा गए, वे अयोध्या-मथुरा-काशी के बारे में क्या सोचते: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने रामकोला, हाटा और कुशीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 525 करोड़ रुपये की लागत वाली 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

By  Mangala Tiwari July 11th 2026 06:28 PM

कुशीनगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने मंदिरों, युवाओं और गरीबों के हितों की अनदेखी की, जबकि वर्तमान सरकार विकास, सुशासन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब विकास और कानून-व्यवस्था की नई कार्यसंस्कृति स्थापित हुई है।


मुख्यमंत्री ने रामकोला, हाटा और कुशीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 525 करोड़ रुपये की लागत वाली 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, चेक और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए तथा दो वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया।


विपक्ष पर साधा निशाना:

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग युवाओं का रोजगार छीनते थे और मंदिरों की उपेक्षा करते थे, उन्हें विकास की बात करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेशभर में मंदिरों के सौंदर्यीकरण और पुनरुद्धार का कार्य करा रही है।


इंसेफेलाइटिस पर नियंत्रण का दावा:

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कुशीनगर इंसेफेलाइटिस, पलायन और पिछड़ेपन जैसी समस्याओं के लिए जाना जाता था। उन्होंने दावा किया कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, टीकाकरण, स्वच्छता और जनजागरूकता अभियानों के कारण इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है।


मुसहर परिवारों को योजनाओं का लाभ:

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मुसहर समाज सहित वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास, भूमि के पट्टे, आयुष्मान भारत कार्ड, निःशुल्क राशन, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।


कानून-व्यवस्था और शिक्षकों के लिए नई सुविधा:

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उत्तर प्रदेश आज दंगा-मुक्त राज्य के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने बताया कि बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों तथा रसोइयों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और दुर्घटना बीमा का लाभ दिया जा रहा है।


कुशीनगर एयरपोर्ट को मिलेगा नया विस्तार:

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर को पर्यटन, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को जेवर और गया से जोड़ने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा खड्डा क्षेत्र में नारायणी नदी पर लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से नए पुल का निर्माण कराया गया है तथा रामकोला-कसया मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी जल्द स्वीकृत किया जाएगा।


कृषि, शिक्षा और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा:

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है, जहां इसी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। केला उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए टिश्यू कल्चर लैब की स्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार मंदिरों के संरक्षण और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी प्रतिबद्ध है। कुशीनगर में रामाभार स्तूप और हिरण्यवती नदी के आसपास पर्यटक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।


लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र और सहायता:

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि यंत्र वितरण सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाण-पत्र, कृषि उपकरणों की चाबियां और अन्य सहायता सामग्री वितरित की। उन्होंने दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया और कहा कि बच्चों का सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य ही देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।


कार्यक्रम में मंत्री दारा सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, सांसद विजय दुबे, सांसद रवि किशन, विधायक पीएन पाठक, मोहन वर्मा, विनय प्रकाश गौड़, विवेकानंद पाण्डेय, मनीष जायसवाल, डॉ. असीम कुमार राय, सुरेंद्र कुशवाहा, विधान परिषद सदस्य डॉ. रतनपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सावित्री जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.