गाजियाबाद में सीएम योगी ने श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर में किया जलाभिषेक, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मंदिर गाजियाबाद के प्रमुख प्राचीन शिवधामों में से एक है, जिसे सनातन संस्कृति, वैदिक परंपरा और आध्यात्मिक साधना का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है।

By  Mangala Tiwari July 18th 2026 05:21 PM

गाजियाबाद: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह जनपद भ्रमण के दौरान ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व वाले श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और विशेष पूजन-अर्चन किया। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्य और लोककल्याण की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की।


श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मंदिर गाजियाबाद के प्रमुख प्राचीन शिवधामों में से एक है, जिसे सनातन संस्कृति, वैदिक परंपरा और आध्यात्मिक साधना का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है।


शिवलिंगों और नंदी महाराज के किए दर्शन:

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थापित विभिन्न शिवलिंगों पर पुष्प अर्पित किए और नंदी महाराज के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक प्रणाम किया। इस दौरान उन्होंने मठ परिसर में मौजूद संत-महात्माओं का कुशलक्षेम भी जाना। पूजन कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार और शिव स्तुति के बीच संपन्न हुआ, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। कार्यक्रम में मंदिर के पीठाधीश्वर, संत समाज और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


वेदपाठी बटुकों से किया संवाद:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर में वेदाध्ययन कर रहे वेदपाठी बटुकों और संस्कृत के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा, वैदिक संस्कृति और संस्कृत भाषा का संरक्षण राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि "संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की सनातन ज्ञान परंपरा की वाहक है। इसी के माध्यम से हमारी सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक विरासत पीढ़ी-दर-पीढ़ी सुरक्षित रही है।"


मंदिर व्यवस्थाओं का लिया जायजा:

मुख्यमंत्री ने मंदिर और मठ परिसर की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। उनके आगमन पर वेदपाठी बटुकों ने वैदिक स्वस्तिवाचन और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संत समाज के साथ प्रदेश में शांति, सद्भाव, सांस्कृतिक उत्थान और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.