योगी सरकार के हरित महाअभियान में शिक्षा विभाग के संस्थानों में रोपे गए 43 लाख पौधे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित 35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान-2026 में शिक्षा विभाग ने भी उल्लेखनीय योगदान दिया।
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित 35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान-2026 में शिक्षा विभाग ने भी उल्लेखनीय योगदान दिया। अभियान के तहत बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग के संस्थानों में संयुक्त रूप से 43 लाख पौधे लगाए गए। प्रदेशभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सरकार का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में प्रकृति संरक्षण, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व और सतत विकास की भावना को मजबूत करना है।
शिक्षा संस्थानों से मिला हरित अभियान को बल:
विद्यालयों से लेकर विश्वविद्यालयों तक एक साथ चले पौधरोपण अभियान ने 'हरित उत्तर प्रदेश' के संकल्प को नई ऊर्जा दी। लाखों विद्यार्थियों की भागीदारी से यह अभियान जनआंदोलन का रूप लेता दिखाई दिया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचा।
राज्य मुख्यालय पर भी हुआ पौधरोपण:
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लखनऊ स्थित राज्य मुख्यालय में भी पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर कार्यालय, 18 पार्क रोड पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल, अपर राज्य परियोजना निदेशक (समग्र शिक्षा) वी.के. पांडेय, विभागीय नोडल अधिकारी रीटा जोशी सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने हरसिंगार, नाग चंपा, एरिका पाम और सहजन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
इसी प्रकार निशातगंज स्थित एससीईआरटी परिसर में निदेशक गणेश कुमार और संयुक्त निदेशक डॉ. पवन सचान ने अधिकारियों एवं प्रवक्ताओं के साथ पौधरोपण किया। उच्च शिक्षा विभाग के निदेशालय, विश्वविद्यालयों, राजकीय, सहायता प्राप्त तथा निजी महाविद्यालयों में भी व्यापक स्तर पर पौधे लगाए गए।
बेसिक शिक्षा विभाग ने लगाए 12 लाख पौधे:
बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 12 लाख पौधों का रोपण किया गया। परिषदीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी), ब्लॉक संसाधन केंद्रों (बीआरसी) और अन्य शैक्षणिक परिसरों में शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा स्कूल प्रबंधन समितियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान विद्यार्थियों को जैव विविधता, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व की जानकारी भी दी गई।
झांसी में हुआ स्थलीय निरीक्षण:
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं वृक्षारोपण महाअभियान-2026 की नोडल अधिकारी मोनिका रानी ने झांसी में पौधरोपण कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। उन्होंने भगवन्तपुर वन ब्लॉक स्थित 'नंदन वन' तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, टपरियन (बबीना) सहित विभिन्न स्थलों का दौरा कर पौधों के संरक्षण और अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
माध्यमिक विद्यालयों में लगे 11 लाख पौधे:
माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत 11 लाख पौधे लगाए गए। राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन, संस्कृत एवं व्यावसायिक माध्यमिक विद्यालयों के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसरों में भी व्यापक पौधरोपण हुआ। विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के प्रति जागरूक किया गया तथा पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया गया।
उच्च शिक्षा विभाग ने लगाए सर्वाधिक 20 लाख पौधे:
उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत 20 लाख पौधों का रोपण किया गया, जो तीनों शिक्षा विभागों में सर्वाधिक रहा। प्रदेश के विश्वविद्यालयों, राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी महाविद्यालयों सहित अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया। इस दौरान परिसरों को हरित बनाने के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का स्थायी अभियान बनाने पर विशेष जोर दिया गया।