ममता बनर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज, संवैधानिक संस्थाओं पर टिप्पणी का आरोप

By  Preeti Kamal June 4th 2026 03:45 PM -- Updated: June 4th 2026 03:16 PM

सिलिगुड़ी, पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ संवैधानिक संस्थाओं और सुरक्षा एजेंसियों को लेकर कथित विवादित टिप्पणियों के मामले में सिलिगुड़ी साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है।

अधिवक्ता रिंकी चटर्जी सिंह ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने अपने सार्वजनिक भाषणों, राजनीतिक मंचों और मीडिया बातचीत के दौरान भारत के संवैधानिक संस्थानों, विशेष रूप से चुनाव आयोग और चुनावों के दौरान तैनात केंद्रीय सुरक्षा बलों की निष्पक्षता, विश्वसनीयता और साख पर सवाल उठाए। शिकायत में कहा गया है कि ऐसे बयान जनता के बीच संवैधानिक संस्थाओं और सरकारी तंत्र के प्रति अविश्वास पैदा करने का प्रयास हो सकते हैं।

ममता बनर्जी के बयान से देश की छवि हो सकती है प्रभावित- शिकायतकर्ता

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि 2 जून 2026 को एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान ममता बनर्जी ने गृह मंत्रालय के साथ गोपनीय बातचीत का दावा किया और बांग्लादेश में हुई एक राजनीतिक हत्या को भारत सरकार तथा केंद्रीय गृह मंत्री से जोड़ने संबंधी आरोप लगाए। शिकायत के अनुसार, ऐसे बयानों से भारत सरकार की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छवि प्रभावित हो सकती है और दो देशों के बीच तनाव पैदा हो सकता है।

संबंधित एजेंसियों की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है

शिकायत में मामले की जांच कर संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। इससे पहले भी ममता बनर्जी के खिलाफ कथित रूप से सनातन धर्म पर की गई टिप्पणियों को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित एजेंसियों की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.