दिल्ली रवाना हुईं ममता बनर्जी, INDIA गठबंधन की अहम बैठक में लेंगी हिस्सा

By  Preeti Kamal June 7th 2026 04:40 PM -- Updated: June 7th 2026 03:37 PM

कोलकाता, पश्चिम बंगाल: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी सोमवार को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में हिस्सा लेने के लिए रविवार को दिल्ली रवाना हो गईं। इस दौरान टीएमसी नेता डोला सेन और कल्याण बनर्जी भी कोलकाता हवाई अड्डे पर मौजूद रहे।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी की हार के बाद यह INDIA गठबंधन की पहली बैठक है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव और विपक्षी दलों के बीच उभरते मतभेदों के कारण यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

DMK ने बैठक में शामिल न होने का किया फैसला

इस बीच, INDIA गठबंधन के प्रमुख सहयोगी दलों में शामिल द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने बैठक में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। डीएमके ने आरोप लगाया है कि तमिलनाडु में कांग्रेस ने चुनाव के बाद तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) का समर्थन कर गठबंधन के साथ "विश्वासघात" किया है।

कांग्रेस ने DMK के साथ मिलकर जीतीं थी 5 सीटें

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और पांच सीटें जीती थीं। पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत के बाद टीएमसी के भीतर भी असंतोष और आंतरिक मतभेद सामने आए हैं।

वहीं, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी माकपा ने केरल विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी नेतृत्व के खिलाफ चलाए गए कथित अभियान को लेकर कांग्रेस से नाराजगी जताई है। इसके बावजूद माकपा ने अपने सांसद जॉन ब्रिटास को INDIA गठबंधन की बैठक में भेजने का फैसला किया है।

माकपा महासचिव ने कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों पर मांगा जवाब

माकपा महासचिव एम. ए. बेबी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर केरल चुनाव के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर स्पष्टीकरण मांगा है। पत्र में एम. ए. बेबी ने कहा कि उन्हें कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल द्वारा 8 जून को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक की जानकारी दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेतृत्व ने व्यवस्थित तरीके से यह प्रचार किया कि माकपा और भाजपा के बीच समझौता हो गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया था कि माकपा के वरिष्ठ नेता और तत्कालीन मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ समझौता किया है। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया था कि यदि ऐसा नहीं है तो प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनसे पूछताछ या गिरफ्तारी क्यों नहीं की।

चुनावी माहौल में कांग्रेस पर की गई सामान्य टिप्पणियां नहीं थीं- एम. ए. बेबी

एम. ए. बेबी ने कहा कि ये आरोप चुनावी माहौल में की गई सामान्य टिप्पणियां नहीं थीं, बल्कि कांग्रेस के चुनाव प्रचार का मुख्य हिस्सा थीं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं ने बार-बार ऐसे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन का गठन भाजपा के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई लड़ने के लिए किया गया था और विभिन्न विचारधाराओं वाले दल इसी उद्देश्य से एक मंच पर आए थे।

Related Post

Bengal Politics: ज्ञानेश कुमार को Padma Award देने की मांग, SIR विवाद के बीच BJP प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य का बयान
नंदीग्राम की लड़ाई में नया मोड़, ममता बनर्जी का कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन; उम्मीदवार के पीछे हटने के बाद ऐलान
WB Bypoll: नंदीग्राम में BJP का बड़ा दांव, शुभेंदु अधिकारी के करीबी की मां हसीरानी रथ को टिकट; रेजीनगर में शाश्वर सरकार पर भरोसा
अभिषेक बनर्जी के कोलकाता कार्यालय में तोड़फोड़ का आरोप, पुलिस ने 6 लोगों को किया गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी की 28 वर्षीय भतीजी बृष्टि मुखर्जी की मौत, बीरभूम स्थित घर में मिला शव
बीरभूम के होटल में भीषण आग, 8 लोगों की मौत; पीएम मोदी ने जताया दुख

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.