नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक आतिशी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गोवा में AAP नेता दीपक सिंगला के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी पार्टी का “संगठनात्मक डेटा चुराने” की कोशिश है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए आतिशी ने कहा कि गोवा में AAP की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर भाजपा एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।
आतिशी ने लिखा, “गोवा में आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता बढ़ने के साथ ही भाजपा ने अपने वफादार सिपाही ED को यहां भी भेज दिया है। आज सुबह से AAP गोवा सह-प्रभारी दीपक सिंगला और गोवा के कुछ स्वयंसेवकों के घरों पर ED की रेड चल रही है। यह सिर्फ हमारे कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश नहीं है, बल्कि भाजपा के लिए हमारे संगठन का पूरा डेटा हासिल करने की साजिश भी है।”
With Aam Aadmi Party’s popularity growing in Goa, BJP’s loyal foot-soldier, ED has been sent here as well! From early morning today, there is an ED raid at the residence of AAP Goa co-incharge, Deepak Singla, as well as the home of some volunteers in Goa. Not only is this an…
— Atishi (@AtishiAAP) May 18, 2026
आतिशी ने वीडियो साझा कर भाजपा पर लगाया आरोप
एक वीडियो संदेश में आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के खिलाफ ED और IPAC का इस्तेमाल किया था। उन्होंने दावा किया कि चुनाव से पहले ED छापों के जरिए TMC के संगठनात्मक डेटा तक पहुंच बनाई गई थी और अब यही रणनीति पंजाब और गोवा में अपनाई जा रही है।
आतिशी ने कहा, “पूरा देश देख चुका है कि बंगाल चुनाव में भाजपा ने ED का कैसे इस्तेमाल किया। IPAC के कार्यकर्ताओं को जेल भेजा गया। चुनाव से पहले TMC का पूरा संगठनात्मक डेटा ED के जरिए हासिल किया गया। चुनाव खत्म होने के बाद सबको रिहा कर दिया गया।” उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में भी आम आदमी पार्टी के नेताओं के घरों पर छापे मारे गए।
संजय अरोड़ा भाजपा में नहीं शामिल हुए इसलिए भेजा जेल
आतिशी ने कहा, “संजय अरोड़ा जैसे नेताओं ने भाजपा में शामिल होने से इनकार किया तो उन्हें जेल भेज दिया गया, जबकि भाजपा में शामिल होने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।” उन्होंने कहा कि अब भाजपा का अगला निशाना गोवा है क्योंकि वहां AAP की लोकप्रियता बढ़ रही है।
उन्होंने कहा, “भाजपा जानती है कि गोवा की जनता भाजपा सरकार से परेशान है और आगामी फरवरी चुनाव में उसे सत्ता से बाहर कर सकती है। इसी वजह से आज सुबह से दीपक सिंगला के घर पर छापेमारी चल रही है। वहां 15 ED की गाड़ियां और 50 अधिकारी मौजूद हैं।”
Former Delhi CM and LoP in the Delhi Assembly, Atishi says, "The entire country saw how the BJP used the ED against the TMC... After the Bengal elections, the next attack started in Punjab... Leaders like Sanjeev Arora, who refused to join the BJP, were sent to jail. Goa is next… pic.twitter.com/phTsk7miX7
— ANI (@ANI) May 18, 2026
एक आम कार्यकर्ता पर हुई कार्रवाई पर उठाया सवाल
आतिशी ने सवाल उठाया कि एक आम कार्यकर्ता के घर पर इतनी बड़ी कार्रवाई क्यों की जा रही है। आतिशी ने कहा, “यह सब संगठन का डेटा चुराने के लिए किया जा रहा है।” उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ED की धमकियों से डरने वाली नहीं है।
उन्होंने कहा, “गोवा की जनता देख रही है कि पिछले 15 साल में भाजपा ने गोवा को कैसे नुकसान पहुंचाया है। अब ED भी भाजपा को गोवा में नहीं बचा पाएगी।” इस बीच, अधिकारियों के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय दिल्ली और गोवा में AAP नेता दीपक सिंगला से जुड़े परिसरों पर कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में छापेमारी कर रहा है।
इसके पहले संजीव अरोड़ा को भी किया था गिरफ्तार
इससे पहले 9 मई को पंजाब सरकार के मंत्री और AAP नेता संजीव अरोड़ा को ED ने गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई उनके घर, उनसे जुड़ी कंपनियों और Hampton Sky Realty Limited (HSRL) के कार्यालय पर दिनभर चली छापेमारी के बाद हुई थी।ED ने बताया कि यह कार्रवाई 5 मई को दर्ज की गई ECIR के तहत की गई। जांच में HSRL कंपनी को संजीव अरोड़ा और उनके परिवार के नियंत्रण में पाया गया। कंपनी में उनके बेटे काव्य अरोड़ा प्रबंध निदेशक हैं।
वहीं गुरुग्राम की विशेष अदालत ने कथित 100 करोड़ रुपये से अधिक के GST फर्जीवाड़े से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संजीव अरोड़ा को सात दिन की ED हिरासत में भेज दिया है। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी संजीव अरोड़ा की तारीफ करते हुए कहा था कि उन्होंने भाजपा में शामिल होने के बजाय ED की गिरफ्तारी का सामना करना चुना।
Add GTC Bharat on Google