नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने मंगलवार को ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण यानी GRAP-3 की पाबंदियां हटाने का फैसला किया है। हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में GRAP के पहले और दूसरे चरण के तहत लागू प्रतिबंध फिलहाल जारी रहेंगे।

CAQM की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, GRAP उप-समिति की बैठक में मौजूदा वायु गुणवत्ता की स्थिति और प्रदूषण के स्तर की समीक्षा की गई। इसके बाद GRAP-3 के तहत लागू प्रतिबंधों को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का निर्णय लिया गया।

दिल्ली का AQI सुधरकर 200 पर पहुंचा

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 200 दर्ज किया गया। यह वायु गुणवत्ता की 'मध्यम' श्रेणी में आता है। प्रदूषण के स्तर में आई गिरावट को देखते हुए GRAP-3 की पाबंदियां हटाने का फैसला लिया गया है। AQI के अलग-अलग स्तरों के आधार पर वायु गुणवत्ता को विभिन्न श्रेणियों में बांटा जाता है। 301 से 400 के बीच AQI को 'बेहद खराब', जबकि 401 से 500 के बीच 'गंभीर' श्रेणी में रखा जाता है।

GRAP के पहले और दूसरे चरण की पाबंदियां जारी

GRAP एक चार चरणों वाला आपातकालीन एक्शन प्लान है, जिसे CAQM केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और संबंधित राज्य सरकारों के साथ मिलकर लागू करता है। इसका उद्देश्य प्रदूषण बढ़ने पर अलग-अलग स्तरों पर सख्त कदम उठाकर वायु गुणवत्ता में सुधार करना है।

  • GRAP-1: इस चरण में AQI 201 से 300 के बीच होने पर प्रदूषण नियंत्रण के उपाय किए जाते हैं। इसमें सड़कों की धूल नियंत्रित करना, प्रदूषण फैलाने वाले नियमों का पालन सुनिश्चित करना और खुले में कचरा जलाने पर रोक जैसे कदम शामिल हैं।
  • GRAP-2: इस चरण में अतिरिक्त धूल नियंत्रण उपाय, पार्किंग शुल्क में बढ़ोतरी और सरकारी एवं निजी कार्यालयों के कामकाज के समय में बदलाव जैसे कदम उठाए जाते हैं।
  • GRAP-3: इस चरण में निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर सख्त रोक, वाहनों पर प्रतिबंध और प्राथमिक कक्षाओं के लिए हाइब्रिड पढ़ाई जैसे उपाय शामिल होते हैं।
  • GRAP-4: यह सबसे सख्त चरण है। AQI 450 से ऊपर पहुंचने पर भारी मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध और यातायात एवं औद्योगिक गतिविधियों पर आपातकालीन पाबंदियां लगाई जाती हैं।
दिवाली से पहले लागू किया गया था GRAP-3

दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिवाली से पहले GRAP-3 लागू किया गया था। इसके तहत निर्माण गतिविधियों, वाहनों और धूल से होने वाले प्रदूषण पर सख्त नियंत्रण के उपाय किए गए थे। अब वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद तीसरे चरण की पाबंदियां हटा दी गई हैं। हालांकि, GRAP-1 और GRAP-2 के उपाय जारी रहेंगे, ताकि प्रदूषण के स्तर को दोबारा बढ़ने से रोका जा सके।