नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को छठ पूजा के अवसर पर राजधानी के लोगों और व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मैया और भगवान भास्कर से सभी व्रतियों की मनोकामनाएं पूरी होने और हर परिवार के सुख, समृद्धि तथा अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि छठ पूजा के दौरान अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का सुंदर प्रतीक है। उन्होंने इस पर्व को लोक आस्था, प्रकृति के सम्मान और भारतीय संस्कृति के मूल्यों से जुड़ा बताया। रेखा गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि छठी मैया और भगवान भास्कर सभी व्रतियों की प्रार्थनाएं स्वीकार करें और हर घर-परिवार में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद दें।
📲 Scan the QR code to find your nearest Chhath Ghat!
Delhi has prepared nearly 1,400 clean, safe and well-equipped Chhath Ghats across 13 districts.
This Chhath, Delhi is celebrating like one big family, with every arrangement reflecting our deep respect and shraddha towards Chhath Vratis.
Jai Chhathi Maiya!
#दिल्ली_में_दिव्य_भव्य_छठ
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) November 15, 2026
अरविंद केजरीवाल और अधीर रंजन चौधरी ने भी दी बधाई
छठ पूजा के अवसर पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मैया और सूर्य देव से सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करने तथा उनके घर-आंगन को खुशियों से भरने की प्रार्थना की। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी छठ पूजा की बधाई देते हुए सभी परिवारों के लिए शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने इस पर्व को सूर्य उपासना, आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बताया।
संध्या अर्घ्य के पावन अवसर पर आपको और आपके पूरे परिवार को महापर्व छठ की ढेरों शुभकामनाएँ।
छठी मैया और भगवान सूर्य देव आपकी सभी मनोकामनाएँ पूरी करें और आपके घर-आँगन को खुशियों से भर दें।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) November 15, 2026
चार दिनों तक मनाया जाता है छठ महापर्व
छठ पूजा सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित चार दिवसीय पर्व है। इस दौरान श्रद्धालु सूर्य देव को अर्घ्य देकर पृथ्वी पर जीवन बनाए रखने के लिए प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। साथ ही परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते हैं। इस वर्ष छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जा रहा है। रविवार शाम को व्रती अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देंगे, जबकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा।
दिल्ली में 1,400 से अधिक छठ घाटों पर व्यवस्था
दिल्ली सरकार की ओर से राजधानी में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 1,400 से अधिक छठ घाटों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यमुना किनारे के प्रमुख घाटों के साथ उत्तर दिल्ली में मुनक नहर के किनारे विकसित करीब 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट पर भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा, पीने के पानी और शौचालय जैसी सुविधाओं का प्रबंध किया गया है। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी की गई है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा और अर्घ्य दे सकें। दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि श्रद्धालु पूरी आस्था और सुविधा के साथ छठ महापर्व मना सकें।
Add GTC Bharat on Google