नई दिल्ली: दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) में टिकट दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। नई दिल्ली जिला पुलिस ने इस मामले में 38 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक महिला से ऑनलाइन टिकट दिलाने के बहाने 1,200 रुपये ठगने और उसके आईफोन को कथित तौर पर हैक करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 15 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे मेले के गेट नंबर 4 के पास हुई। शिकायतकर्ता महिला आधिकारिक ऐप के जरिए ऑनलाइन टिकट खरीदने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसके पास पहुंचा और 400 रुपये में टिकट दिलाने की पेशकश की।
QR कोड स्कैन करते ही आईफोन हुआ लॉक
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला को एक QR कोड दिया। महिला ने उसे स्कैन किया तो उसके खाते से 1,200 रुपये ट्रांसफर हो गए। इसके तुरंत बाद उनका आईफोन सिंक होने लगा और इस्तेमाल के लिए उपलब्ध नहीं रहा। कुछ समय बाद महिला को फोन पर लॉगिन की असफल कोशिश से जुड़ा नोटिफिकेशन मिला। साथ ही पेमेंट ऐप से 1,200 रुपये कटने का पता चला। मोबाइल फोन के साथ छेड़छाड़ की आशंका होने पर महिला ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।
#WATCH | Intelligence Fusion and Strategic Operations (IFSO) Unit, Special Cell, Delhi Police, has busted an organised cyber-enabled fraud syndicate allegedly operating an unauthorised call centre from Pitampura, Delhi, in the name of MDL Natural Unani Healthcare Pvt. Ltd./Natural Unani Health Care. Twelve accused persons were apprehended while operating the call centre and were formally arrested. The syndicate is alleged to have illegally obtained confidential customer databases belonging to M/s Atiya Health Care Pvt. Ltd. (AHCPL) and its distributor UMPL and used the data for fraudulent calling and related activities.
— ANI (@ANI) November 16, 2026
शिकायतकर्ता की पहचान पर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सूचना मिलते ही कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर जितेंद्र डागर के नेतृत्व में आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मौजपुर निवासी मोहम्मद फैसल (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने शिकायतकर्ता की पहचान के आधार पर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद 15 नवंबर को प्रगति मैदान स्थित आईआईटीएफ पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।
पूछताछ में कई आयोजनों के टिकट बेचने का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान फैसल ने बताया कि वह कबाड़ का कारोबार करता है और एक सहयोगी के साथ दिल्ली में आयोजित होने वाले विभिन्न बड़े आयोजनों के टिकट कथित तौर पर बिना अधिकृत अनुमति के बेचता है। आरोपी ने बताया कि उसका सहयोगी अलग-अलग आयोजनों के टिकटों की व्यवस्था करता था। इसके बाद वे उन लोगों को टिकट बेचते थे, जिन्हें टिकट खरीदने में परेशानी होती थी। इसके बदले नकद या ऑनलाइन माध्यम से पैसे लिए जाते थे।
पुलिस बाक़ी सहयोगियों की तलाश में जुटी
पुलिस के अनुसार, कुछ मौकों पर ग्राहकों से पैसे लेने के बावजूद उन्हें टिकट उपलब्ध नहीं कराए गए। आरोपी पहले भी इसी तरह के एक मामले में कथित तौर पर शामिल रहा है। यह मामला 9 मई 2026 को क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में BNS की धारा 316(2), 318(2), 319(2), 61(2) और 3(5) के तहत दर्ज हुआ था। फिलहाल पुलिस आरोपी के अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तरह की ठगी की अन्य घटनाओं को भी अंजाम दिया गया है या नहीं।
Add GTC Bharat on Google