नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने पुलिसकर्मियों पर कथित यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। दिल्ली पुलिस ने रविवार को बताया कि नई दिल्ली जिले को तीनों पत्रकारों की शिकायतें मिली हैं और निष्पक्ष जांच के लिए इन्हें क्राइम ब्रांच, कमला मार्केट को भेज दिया गया है।

दिल्ली पुलिस ने एक्स पर बताया, “3 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली क्षेत्र में प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति के बीच तीन महिला पत्रकारों ने पुलिस अधिकारियों पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए। नई दिल्ली जिला पुलिस को उनकी शिकायतें प्राप्त हुई हैं।” पुलिस ने आगे कहा कि शिकायतों को निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के लिए क्राइम ब्रांच को स्थानांतरित कर दिया गया है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़ा है मामला

यह मामला राजधानी में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन से जुड़ा है। 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर के पास विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था।

प्रदर्शन के दौरान ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के कई सदस्यों को भी हिरासत में लिया गया। AISA अध्यक्ष नेहा बोरा समेत वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण और कपिल सिब्बल सहित कई प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर के पास पुलिस बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की थी।

राहुल गांधी ने पुलिस पर लगाए थे दुर्व्यवहार के आरोप

इससे पहले शनिवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस के कथित दुर्व्यवहार को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि एक महिला पत्रकार के साथ एक पुलिस अधिकारी ने दुर्व्यवहार किया।

राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को संबोधित करते हुए पुलिस की कार्रवाई के लिए गृह मंत्रालय को जिम्मेदार ठहराया और पूछा था कि वह कहां हैं और इस मामले पर उन्हें जवाब देना चाहिए। उन्होंने एक्स पर दावा किया था कि सैकड़ों पत्रकार जंतर-मंतर पर घंटों से एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर रहे थे। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया था कि शनिवार को जंतर-मंतर से बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया गया और महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आईं।

प्रदर्शन को लेकर तीन एफआईआर दर्ज

दिल्ली पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर के पास हुए बड़े प्रदर्शन के संबंध में कम से कम तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें दो एफआईआर संसद मार्ग पुलिस थाने और एक एफआईआर कनॉट प्लेस पुलिस थाने में दर्ज की गई है। महिला पत्रकारों की शिकायतों को अब क्राइम ब्रांच, कमला मार्केट को भेजे जाने के बाद मामले की आगे की जांच की जाएगी।