जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पैदा हुई बाढ़ और फ्लैश फ्लड की स्थिति को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बातचीत कर हालात का जायजा लिया और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

राजौरी जिले में फ्लैश फ्लड की खबरों के बाद अमित शाह ने केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन से संपर्क किया और राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर समन्वय किया। अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से भारी बारिश से पैदा हुई स्थिति पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रभावित लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी।

जलस्तर में फंसे 02 लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया 

इस बीच, राजौरी के मुरादपुर इलाके में तेज बारिश के कारण अचानक बढ़े जलस्तर में फंसे दो लोगों को रविवार को बचा लिया गया। उपायुक्त अभिषेक शर्मा ने बताया कि दोनों लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बचाव दलों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। जिला प्रशासन ने लोगों से नदियों, नालों और अन्य बाढ़ संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है।

प्रशासन ने की अनावश्यक यात्रा करने से बचने की अपील

प्रशासन ने लोगों से आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करने और मौसम एवं बाढ़ की स्थिति में सुधार होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। इससे पहले अचानक जलस्तर बढ़ने के बाद तवी नदी के बीच कुछ स्थानीय युवक फंस गए थे। जम्मू पुलिस और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी रविवार को राजौरी और आसपास के इलाकों में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड से पैदा हुई स्थिति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वह सुबह से ही जम्मू के कुछ हिस्सों, खासकर राजौरी शहर और आसपास के इलाकों में अत्यधिक बारिश के कारण पैदा हुए हालात पर लगातार नजर रख रहे हैं।

"जिन लोगों की संपत्ति का नुकसान हुआ है सरकार उसकी भरपाई करेगी"

मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायकों से भी संपर्क बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि बारिश और फ्लैश फ्लड के कारण जिन लोगों की संपत्ति को नुकसान हुआ है, सरकार उनकी मदद के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

लगातार भारी बारिश के कारण पुंछ और राजौरी में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। धारहली नदी के बढ़े जलस्तर से स्थानीय बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है। बेला बस स्टैंड भी बाढ़ से प्रभावित हुआ है।

कई जगहों पर बादल फटने से बाढ़ की स्थिति पैदा हुई

प्रशासन के अनुसार, शनिवार से जारी भारी बारिश के कारण पुंछ नदी में कई जगहों पर बादल फटने और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बनी है। नदी किनारे स्थित कई ढांचे पानी के तेज बहाव में बह गए हैं। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन के अनुसार, अब तक किसी व्यक्ति की मौत की सूचना नहीं है।