ठाणे, महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में हुए दर्दनाक इमारत हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।

PM मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ठाणे में इमारत गिरने से हुई जनहानि की खबर से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

भिवंडी में चार मंजिला इमारत का हिस्सा गिरा

यह हादसा गुरुवार देर रात करीब 11 बजे से 11:30 बजे के बीच हुआ। भिवंडी के गंगाराम वाड़ी, नारपोली इलाके में स्थित ग्राउंड प्लस चार मंजिला कोहिनूर बिल्डिंग के ‘B विंग’ का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। NDRF, ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (TDRF), स्थानीय दमकल विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। NDRF के मुताबिक, शुक्रवार को भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा और 3 से 4 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई।

पहले से खतरनाक घोषित थी इमारत

ठाणे नगर निगम के डिजास्टर मैनेजमेंट सेल के अनुसार, जिस इमारत का हिस्सा गिरा, उसे पहले ही भिवंडी-निजामपुर नगर निगम की ओर से खतरनाक घोषित किया जा चुका था। इसके बावजूद वहां मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत का हिस्सा ढह गया।

CM फडणवीस ने दिए FIR के निर्देश

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे को बेहद दुखद बताया है। उन्होंने नगर आयुक्त को मामले में तत्काल FIR दर्ज करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है और उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।