नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को चुनावी तैयारियों के लिहाज से और सक्रिय करते हुए विभिन्न मोर्चों के प्रभारियों की घोषणा कर दी है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम के गठन के बाद अब युवा, महिला, SC, OBC, किसान, ST और अल्पसंख्यक मोर्चों के लिए भी जिम्मेदारियां तय की गई हैं। नई व्यवस्था में अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी जगह दी गई है।
बीजेपी ने युवा मोर्चा का प्रभारी हरीश द्विवेदी, जबकि ST मोर्चे की जिम्मेदारी सतीश पूनिया को सौंपी है। महिला मोर्चे की जिम्मेदारी डी. पुरंदेश्वरी को दी गई है। वहीं SC मोर्चे के प्रभारी संजय भाटिया और OBC मोर्चे के प्रभारी वैजयंत पांडा होंगे। किसान मोर्चे का प्रभार लाल सिंह आर्या को, जबकि अल्पसंख्यक मोर्चे की जिम्मेदारी गजेंद्र पटेल को मिली है।
मोर्चों के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी घोषित
बीजेपी इससे पहले विभिन्न मोर्चों के राष्ट्रीय अध्यक्षों के नामों का भी ऐलान कर चुकी है। युवा मोर्चे की कमान गुजरात से लोकसभा सांसद डॉ. हेमांग जोशी को दी गई है। महिला मोर्चे की जिम्मेदारी रूप कुमारी चौधरी को मिली है।
किसान मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंसीलाल गुर्जर, OBC मोर्चे के अध्यक्ष अमरपाल मौर्य और अनुसूचित जाति मोर्चे के अध्यक्ष शिवेश कुमार राम बनाए गए हैं। ST मोर्चे की कमान मन्नालाल रावत और अल्पसंख्यक मोर्चे की जिम्मेदारी कुंवर बासित अली को दी गई है।
स्मृति ईरानी की संगठन में वापसी
बीजेपी की नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महासचिव के साथ उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है, जबकि सुनील बंसल को भी राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी में बरकरार रखा गया है।
बी.एल. संतोष राष्ट्रीय महासचिव संगठन के पद पर बने रहेंगे। तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय का प्रभारी और संदीप पाठक को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिली है। संबित पात्रा को नॉर्थ-ईस्ट कोऑर्डिनेशन का प्रभार दिया गया है।
पार्टी की नई संगठनात्मक व्यवस्था में चुनावी मैनेजमेंट और सोशल मीडिया पर भी जोर दिखाई दे रहा है। बीजेपी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी गतिविधियों में सक्रिय करने का है।
Add GTC Bharat on Google