गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने मूल्यों और आदर्शों की राजनीति के बल पर शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है। उन्होंने कहा कि 1985 में लोकसभा में केवल दो सीटों से शुरुआत करने वाली भाजपा आज केंद्र समेत देश के 21 राज्यों में सरकार चला रही है। यह यात्रा केवल सत्ता हासिल करने की नहीं, बल्कि सुरक्षा, सुशासन, समृद्धि और राष्ट्रीय समन्वय की यात्रा है।
मुख्यमंत्री शनिवार को गोरखपुर के गुलरिहा स्थित एक रिजॉर्ट में आयोजित भाजपा महानगर प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘दल से पहले देश’ और ‘व्यक्ति से पहले समाज’ की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा आज दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राजनीतिक दल है, जिसकी नींव भारतीय जनसंघ के संस्थापकों के आदर्शों और संस्कारों पर रखी गई है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथन—‘बिना मूल्यों और आदर्शों वाली राजनीति मौत का फंदा है’—का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के लिए संस्थापकों के आदर्श सर्वोपरि हैं।
भाजपा सरकार ने दिया मजबूत सुरक्षा मॉडल:
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा को नई मजबूती मिली है। पहले जहां दुश्मन देश भारतीय सैनिकों के साथ क्रूरता करते थे, वहीं अब भारत ने एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक के माध्यम से अपनी सैन्य क्षमता का परिचय पूरी दुनिया को दिया है।
उन्होंने कहा कि पहले कश्मीर आतंकवाद, पूर्वोत्तर उग्रवाद और देश के 120 से अधिक जिलों में नक्सलवाद बड़ी चुनौती था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर में आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ, पूर्वोत्तर में शांति लौटी और नक्सलवाद अब सीमित क्षेत्रों तक सिमट गया है।
सुरक्षा से ही विकास को मिलती है गति:
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए सुरक्षित वातावरण अनिवार्य है। आज देशभर में एक्सप्रेसवे, हाईवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, इनलैंड वाटरवे, रोपवे, लॉजिस्टिक्स और अन्य आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विस्तार इसी कारण संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर ही तेज विकास की आधारशिला है।
अंत्योदय के संकल्प को साकार कर रही केंद्र सरकार:
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में करोड़ों लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि 12 करोड़ परिवारों को शौचालय, 4 करोड़ गरीबों को प्रधानमंत्री आवास, करोड़ों लोगों को हर घर जल योजना का लाभ, 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही पीएम विश्वकर्मा, पीएम स्वनिधि, स्टार्टअप, स्टैंडअप, डिजिटल इंडिया और ओडीओपी जैसी योजनाओं से करोड़ों लोग लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के कारण लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकलकर देश के विकास में भागीदार बने हैं।
भाजपा ने बदली देश की सोच:
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन कार्यों की पहले केवल कल्पना की जाती थी, भाजपा सरकार ने उन्हें वास्तविकता में बदला है। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि विवाद का समाधान हुआ, भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ, काशी विश्वनाथ धाम और विंध्य धाम का विकास हुआ। वहीं कुंभ जैसे धार्मिक आयोजनों को स्वच्छ, भव्य और आधुनिक स्वरूप मिला।
उन्होंने कहा कि आजादी के अमृतकाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दल से ऊपर राष्ट्र को रखते हुए हर घर तिरंगा अभियान चलाया। उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों से भी राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को किया याद:
मुख्यमंत्री ने भारतीय जनसंघ की स्थापना और उसके इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित में जनसंघ की स्थापना की थी। उन्होंने कश्मीर में ‘एक देश में दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे’ का उद्घोष किया और इसी संघर्ष के दौरान अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 में अनुच्छेद-370 हटने के साथ उनके सपने को साकार किया गया।
दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन का किया उल्लेख:
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का विचार दिया। आज केंद्र और प्रदेश सरकार की सभी योजनाएं इसी अंत्योदय दर्शन पर आधारित हैं।
लोकतंत्र की रक्षा में भाजपा की भूमिका:
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 1975 के आपातकाल में भारतीय जनसंघ के एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं को जेल भेजा गया था। लोकतंत्र की रक्षा के लिए 1977 में जनसंघ ने जनता पार्टी में विलय किया। बाद में 6 अप्रैल 1980 को अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ।
उन्होंने कहा कि विकास के लिए राजनीतिक स्थिरता आवश्यक है। अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और डॉ. मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं के नेतृत्व में भाजपा ने जनता के विश्वास को मजबूत किया और आज विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में स्थापित हुई है।
मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की सेवा भावना की भी सराहना करते हुए कहा कि संकट के समय भाजपा कार्यकर्ताओं ने समाज की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और ‘व्यक्ति से पहले समाज’ के सिद्धांत को व्यवहार में उतारा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने की, जबकि आभार क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने व्यक्त किया। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, रमेश सिंह, त्र्यम्बक नाथ त्रिपाठी, विनोद पांडेय, अच्युतानंद शाही, पुष्पदंत जैन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विकास प्रदर्शनी का भी किया अवलोकन:
प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल पर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा गोरखपुर के विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर उसका अवलोकन भी किया।
Add GTC Bharat on Google