लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने नए शैक्षिक सत्र 2026-27 में हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने के उद्देश्य से स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने इस अभियान के संचालन के लिए 163.60 लाख रुपये की वित्तीय सीमा स्वीकृत की है। अभियान पूरे प्रदेश के सभी विकास खंडों में 1 जुलाई से 15 जुलाई तक चलाया जाएगा, जिसका मुख्य लक्ष्य शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है।
स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि अभियान के दौरान स्कूल से बाहर रह गए बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन कराया जाएगा। साथ ही पढ़ाई बीच में छोड़ चुके बच्चों को दोबारा विद्यालय से जोड़ने पर भी विशेष जोर रहेगा। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) और खंड शिक्षा अधिकारियों को अभियान की निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, विद्यालय प्रबंधन समितियों, स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
आउट ऑफ स्कूल बच्चों पर रहेगा विशेष ध्यान:
अभियान के दौरान घर-घर संपर्क, ग्राम और वार्ड स्तर पर सर्वे तथा स्थानीय अभिलेखों के आधार पर स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान की जाएगी। ऐसे बच्चों का प्राथमिकता के आधार पर नामांकन कराया जाएगा। साथ ही उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों से लगातार संपर्क बनाए रखा जाएगा।
रैली, प्रवेशोत्सव और जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित:
अभियान के तहत प्रभात फेरी, नामांकन रैली, अभिभावक बैठक, ग्राम सभा, विद्यालय प्रवेशोत्सव, विशेष नामांकन शिविर और अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को बच्चों का स्कूल में दाखिला कराने के लिए प्रेरित करना है।
प्रचार-प्रसार पर खर्च होगी स्वीकृत राशि:
स्वीकृत धनराशि का उपयोग रैलियों, पोस्टर, बैनर, फ्लेक्स, प्रचार सामग्री, सामुदायिक बैठकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रवेशोत्सव और अन्य अनुमन्य गतिविधियों के आयोजन में किया जाएगा। शासन ने निर्देश दिए हैं कि धनराशि का उपयोग तय मानकों के अनुसार पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि अभियान का बेहतर परिणाम मिल सके।
Add GTC Bharat on Google