प्रतापगढ़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रतापगढ़ दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए राम मंदिर, वक्फ और कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर को लेकर सवाल उठाने वाले वक्फ से जुड़े मामलों पर चुप्पी साध लेते हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अब विकास, सुशासन और पारदर्शिता की नई कार्यसंस्कृति स्थापित हुई है।
मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में प्रतापगढ़ और विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्रों के लिए 384 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रतापगढ़ की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को नमन करते हुए जिले के आंवला उत्पादन और किसानों के योगदान की भी सराहना की।
विपक्ष पर साधा निशाना:
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पास अब कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जातीय आधार पर समाज को बांटने और धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने का प्रयास कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हो रहे विकास, रोजगार सृजन, धार्मिक स्थलों के विकास और बेहतर कानून-व्यवस्था से विपक्ष असहज है।
राम मंदिर और वक्फ पर कही यह बात:
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनना करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबरी ढांचे का समर्थन करने वाले दल अब राम मंदिर को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने वक्फ से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मुद्दों पर विपक्ष की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर प्रदेश सरकार ने एसआईटी गठित की थी और प्रारंभिक जांच के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि जहां भी अनियमितताओं के साक्ष्य मिलेंगे, वहां कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।
रोजगार और पारदर्शी भर्ती का दावा:
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को बिना भेदभाव के सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई पुलिस भर्ती सहित विभिन्न चयन प्रक्रियाओं में प्रतापगढ़ के युवाओं को भी अवसर मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के समय भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का अभाव था, जबकि वर्तमान सरकार ने मेरिट आधारित व्यवस्था लागू की है।
विकास कार्यों का किया उल्लेख:
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रतापगढ़ में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, सड़क और कनेक्टिविटी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से प्रतापगढ़ की पहुंच प्रदेश के अन्य हिस्सों तक और बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि एक समय प्रतापगढ़ पिछड़े जिलों में गिना जाता था, लेकिन अब यहां आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। सरकार ने "एक जिला-एक उत्पाद" योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का काम किया है।
किसानों, युवाओं और गरीबों के लिए योजनाएं गिनाईं:
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, निजी नलकूपों को मुफ्त बिजली, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और ऑपरेशन कायाकल्प जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है और जिला अस्पतालों तथा मेडिकल कॉलेजों में बेहतर उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य, विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, जीत लाल पटेल, विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी, नगर पालिका परिषद बेल्हा की अध्यक्ष प्रेमलता सिंह, पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह 'मोती सिंह', शिवाकांत ओझा, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, धीरज ओझा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दिनेश सिंह, जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
Add GTC Bharat on Google