दिल्लीवालों की बल्ले-बल्ले! मुफ्त गैस सिलेंडर के लिए मिलेंगे 142 करोड़, यमुना में चलेगा क्रूज

दिवाली पर दिल्ली सरकार 15 लाख से अधिक राशन कार्डधारक परिवारों को मुफ्त LPG सिलेंडर के लिए 142 करोड़ रुपये देगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता नमो यमुना रिवर सफारी की शुरुआत भी करेंगी, जिससे राजधानी में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

By  Preeti Kamal November 10th 2026 12:30 PM -- Updated: November 10th 2026 12:24 PM

नई दिल्ली: दिवाली के मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के लोगों को दो बड़ी सौगात दी हैं। दिल्ली के 15 लाख से अधिक राशन कार्डधारक परिवारों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए करीब 142 करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे। इसके अलावा दिल्ली में यमुना रिवर क्रूज सेवा भी शुरू होने जा रही है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंगलवार, 10 नवंबर को तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एलपीजी सिलेंडर योजना की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजना शामिल है। वहीं, आज सुबह 11 बजे यमुना रिवर क्रूज सेवा का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।

15 लाख से ज्यादा परिवारों को मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर का लाभ

दिल्ली सरकार की इस योजना के तहत 15 लाख से अधिक राशन कार्डधारक परिवारों को एक एलपीजी सिलेंडर की कीमत के बराबर आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए लगभग 142 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि दिवाली पर दिल्ली की माताओं-बहनों और उनके परिवारों की खुशियों में एक और सौगात जुड़ने जा रही है।

सरकार का उद्देश्य घरेलू खर्च कम करना और महिलाओं की बचत बढ़ाना है। इस योजना के तहत लाभार्थियों को नकद राशि सीधे उनके बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी। यानी सरकार सीधे गैस सिलेंडर वितरित नहीं करेगी, बल्कि उसकी कीमत के बराबर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।

किन लोगों को मिलेगा योजना का फायदा?

दिल्ली सरकार की मुफ्त एलपीजी सिलेंडर योजना का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें निर्धारित की गई हैं।

  • लाभार्थी दिल्ली का स्थायी निवासी होना चाहिए।
  • परिवार के पास वैध और सक्रिय राशन कार्ड होना जरूरी है।
  • राशन कार्ड परिवार के मुखिया के नाम पर होना चाहिए।
  • आर्थिक सहायता पात्र परिवार के बैंक खाते में डीबीटी के जरिए भेजी जाएगी।

सरकार के मुताबिक, इस योजना से त्योहार के दौरान लाखों परिवारों को रसोई गैस के खर्च में राहत मिलेगी।

यमुना में शुरू होगी नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा

दिल्लीवासियों के लिए दूसरी बड़ी खुशखबरी यमुना रिवर क्रूज सेवा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 10 नवंबर को इस सेवा का उद्घाटन करने वाली हैं। इस परियोजना को 'नमो यमुना रिवर सफारी' नाम दिया गया है। इसके तहत यमुना नदी में सोनिया विहार से जगतपुर के बीच क्रूज सेवा शुरू की जाएगी। इसका उद्देश्य दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देना और लोगों को मनोरंजन का एक नया विकल्प उपलब्ध कराना है। इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली के लोग परिवार के साथ यमुना नदी में क्रूज की सैर कर सकेंगे। सरकार को उम्मीद है कि इससे राजधानी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कारोबार को भी फायदा पहुंचेगा। 

क्रूज में एक बार में 30 लोग कर सकेंगे सफर

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, क्रूज में एक बार में करीब 30 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी। सोनिया विहार से जगतपुर तक का सफर लगभग 35 से 40 मिनट में पूरा होने का अनुमान है। इसके लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये का प्रस्तावित किराया रखा गया है। क्रूज सेवा के संचालन से पहले इसका ट्रायल भी किया जा चुका है। सरकार का लक्ष्य यमुना को दिल्ली के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाना है।

दिल्ली सरकार की दो बड़ी सौगात

दिवाली के मौके पर दिल्ली सरकार की ये दोनों पहल आम लोगों को राहत और मनोरंजन की नई सुविधा देने के उद्देश्य से लाई गई हैं। एक तरफ मुफ्त एलपीजी सिलेंडर के लिए आर्थिक सहायता से परिवारों का घरेलू बजट बेहतर होगा, वहीं दूसरी तरफ यमुना क्रूज सेवा से राजधानी में पर्यटन को नया आकर्षण मिलने की उम्मीद है।

Related Post

दूध हुआ और महंगा! Amul और Mother Dairy ने बढ़ाए दाम, 12 नवंबर से लागू नई कीमतें; देखें पूरी लिस्ट
दिवाली के बाद दिल्ली की हवा हुई जहरीली, प्रदूषण ने तोड़े 5 साल के रिकॉर्ड; ग्रीन पटाखों की छूट के बावजूद सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की उड़ी धज्जियां
दिल्ली प्रदूषण पर CTI की राजनीतिक दलों से अपील, कहा- पटाखों को दोष देने के बजाय पराली पर करें कार्रवाई
दिल्ली की हवा कितनी जहरीली? सरकारी AQI 370, निजी ऐप पर 955 तक पहुंचा आंकड़ा, जानिए किस पर करें भरोसा
अमेरिका में पकड़ा गया लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हैरी बॉक्सर, बॉलीवुड सितारों को देता था धमकी
CM रेखा गुप्ता के AI वीडियो पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्त, 6 पोस्ट हटाने का आदेश; 4 दिसंबर को अगली सुनवाई

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.