मालवीय नगर अग्निकांड: मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख, घायलों को ₹5 लाख सहायता

By  Preeti Kamal June 4th 2026 02:30 PM -- Updated: June 4th 2026 01:38 PM

नई दिल्ली: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि (एक्स-ग्रेशिया) दी जाएगी, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साकेत स्थित अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिवारों से मुलाकात की तथा अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सरकार ने यह भी आश्वासन दिया है कि घायलों के इलाज का पूरा समन्वय किया जाएगा ताकि उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

दिल्ली पुलिस ने जांच के लिए 10 टीमें की गठित

जांच के दौरान शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि आग लगने के समय होटल की छत की ओर जाने वाला निकास मार्ग बंद था, जिससे लोगों के बाहर निकलने में कठिनाई हुई। मामले की जांच के लिए दिल्ली पुलिस ने 10 विशेष टीमें गठित की हैं। इनमें से पांच टीमें फरार होटल मैनेजर जय मिश्रा की तलाश में जुटी हैं। पूछताछ में होटल मालिक लोवकेश बजाज ने बताया कि वह Lemon Green, Micasa और Flourish Stay नामक तीन होटल संपत्तियों से जुड़े हैं। जांच एजेंसियां हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की पड़ताल कर रही हैं।

12 विदेशियों में से 09 की जानकारी मंत्रालय को भेजी गई

हादसे में कई विदेशी नागरिकों की भी मौत हुई है। पुलिस ने 12 विदेशी मृतकों में से 9 की पहचान कर उनकी जानकारी विदेश मंत्रालय को भेज दी है ताकि पार्थिव शरीरों को उनके देशों तक पहुंचाया जा सके। प्रारंभिक जांच में अधिकांश मौतों का कारण धुएं के कारण दम घुटना माना जा रहा है, हालांकि अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही होगी।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.