मालवीय नगर अग्निकांड पर राहुल गांधी ने जताया दुख, बोले- बेहद हृदयविदारक घटना

By  Preeti Kamal June 3rd 2026 03:00 PM -- Updated: June 3rd 2026 02:10 PM

नई दिल्ली: दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को "बेहद हृदयविदारक" बताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राहत और बचाव कार्यों में हरसंभव सहयोग करने की अपील की।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मालवीय नगर में आग लगने से कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस दर्दनाक घटना से उनका हृदय व्यथित है- प्रियंका गांधी वाड्रा

वहीं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि इस दर्दनाक घटना से उनका हृदय व्यथित है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की, साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मालवीय नगर में होटल में लगी आग की घटना बेहद दुखद है और उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

हादसे के बाद 13 घायलों को अस्पताल लाया गया

इस बीच, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद 13 घायलों को अस्पताल लाया गया, जिनमें तीन लोग आग से बचने के लिए ऊंचाई से कूदने के कारण गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अलावा 28 अन्य लोगों को इलाज के लिए मैक्स अस्पताल और पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचाया गया

बुधवार सुबह मालवीय नगर स्थित एक होटल-कम-गेस्ट हाउस में भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई, जिससे कई लोगों को अपनी जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से छलांग लगानी पड़ी।

सुबह करीब 9:30 बजे पूरी इमारत आग की लपटों में घिरी हुई थी- प्रत्यक्षदर्शी

स्थानीय निवासी शेर खान ने बताया कि शुरुआत में आग छोटी थी, लेकिन देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। लोगों ने नीचे गद्दे बिछाकर कई लोगों और एक छोटे बच्चे को सुरक्षित उतारने की कोशिश की।

एक अन्य स्थानीय निवासी ओम ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे पूरी इमारत आग की लपटों में घिरी हुई थी और लोग अलग-अलग दिशाओं से कूद रहे थे। उन्होंने कम से कम पांच लोगों को इमारत से छलांग लगाते हुए देखा। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस हादसे में जान गंवाने वालों में 15 से अधिक विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.