असम में 28 नवंबर से शुरू होगा 32वां राष्ट्रीय रंगघर थिएटर फेस्टिवल, रघुबीर यादव के नाटक ‘पियानो’ से होगा समापन

असम के बरपेटा में 28 नवंबर से 32वां राष्ट्रीय रंगघर थिएटर फेस्टिवल शुरू होगा। रघुबीर यादव का नाटक ‘पियानो’ समापन प्रस्तुति होगा, जबकि कोलंबिया की थिएटर मंडली उद्घाटन करेगी। यह चार दिवसीय महोत्सव जुबीन गर्ग की स्मृति को समर्पित रहेगा।

By  Preeti Kamal November 22nd 2026 06:00 PM -- Updated: November 22nd 2026 05:28 PM

बरपेटा, असम: असम के बरपेटा में 28 नवंबर से चार दिवसीय 32वां राष्ट्रीय रंगघर थिएटर फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। इस बार महोत्सव में दिग्गज अभिनेता रघुबीर यादव का नाटक ‘पियानो’ और कोलंबिया की थिएटर मंडली Teatro La Mascara की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होंगी। 1 दिसंबर तक चलने वाला यह आयोजन दिवंगत कलाकार जुबीन गर्ग की स्मृति को समर्पित रहेगा।

रंगघर, बरपेटा की ओर से आयोजित यह महोत्सव जिला पुस्तकालय सभागार में होगा। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों के थिएटर समूहों के साथ एक अंतरराष्ट्रीय थिएटर मंडली भी अपनी प्रस्तुति देगी।महोत्सव की शुरुआत 28 नवंबर को कोलंबिया के कैली शहर की थिएटर मंडली Teatro La Mascara के नाटक ‘द बैंडिट क्वींस’ (The Bandit Queens) से होगी। इस अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुति के जरिए महोत्सव में वैश्विक रंगमंच की झलक देखने को मिलेगी। आयोजकों के मुताबिक, इस बार असम के अलावा कोलकाता, भुवनेश्वर, दीमापुर, मुंबई और देश के अन्य हिस्सों से आए थिएटर समूह भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

रघुबीर यादव के नाटक ‘पियानो’ से होगा समापन

चार दिवसीय महोत्सव का समापन 1 दिसंबर को मुंबई की RYRA Arts Pvt. Ltd. की प्रस्तुति ‘पियानो’ के साथ होगा। इस नाटक की परिकल्पना, नाट्य रूपांतरण और निर्देशन दिग्गज अभिनेता रघुबीर यादव ने किया है। वह खुद भी इस प्रस्तुति में विशेष भूमिका निभाएंगे। रघुबीर यादव बॉलीवुड और टेलीविजन के जाने-माने अभिनेता हैं। उनके नाटक को इस महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल किया गया है।

शिक्षा मंत्री रानोज पेगू होंगे मुख्य अतिथि

समापन समारोह में असम के शिक्षा मंत्री रानोज पेगू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बरपेटा के सांसद फणी भूषण चौधरी और विधायक दीपक कुमार दास विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। जुबीन गर्ग की स्मृति को समर्पित यह महोत्सव देश और विदेश के कलाकारों को एक मंच पर लाने के साथ असम की सांस्कृतिक और नाट्य परंपरा को भी प्रोत्साहित करेगा।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.