अग्निवीरों के नियमों में बदलाव की तैयारी, 4 साल बाद शादी की मिलेगी अनुमति; महिला अग्निवीरों को मैटरनिटी बेनिफिट्स का लाभ

अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों के नियमों में बदलाव की तैयारी है। चार साल की सेवा के बाद विस्तारित कार्यकाल में शादी की अनुमति और महिला अग्निवीरों को मातृत्व लाभ देने का प्रस्ताव चर्चा में है। जानिए नए प्रावधानों की जानकारी।

By  Preeti Kamal November 22nd 2026 01:00 PM -- Updated: November 22nd 2026 12:16 PM

नई दिल्ली: केंद्र सरकार अग्निपथ योजना (Agnipath Scheme) के तहत अग्निवीरों के सेवा नियमों में और बदलाव करने की तैयारी में है। नए प्रावधानों के तहत अग्निवीरों को शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने के बाद दो साल के विस्तारित कार्यकाल में शादी करने की अनुमति देने की बात सामने आई है। वहीं, इस दौरान शादी करने और गर्भवती होने वाली महिला अग्निवीरों को मातृत्व अवकाश (Maternity Leave) समेत अन्य मैटरनिटी बेनिफिट्स देने का भी प्रावधान बताया जा रहा है।

पहले अग्निपथ योजना के नियमों के तहत अग्निवीरों को चार साल के शुरुआती कार्यकाल के दौरान शादी करने की अनुमति नहीं थी। अब दो साल के अतिरिक्त सेवा कार्यकाल के दौरान इस प्रतिबंध में ढील देने की तैयारी है।

दो साल की अतिरिक्त सेवा के बाद शादी की अनुमति

नए प्रस्ताव के मुताबिक, चार साल की शुरुआती सेवा पूरी करने के बाद दो साल के दूसरे कार्यकाल में शामिल होने वाले अग्निवीरों को शादी करने की अनुमति मिल सकेगी। हालांकि, उन्हें दूसरे कार्यकाल में शामिल होने के बाद लगभग चार सप्ताह यानी एक महीने का प्रशिक्षण पूरा करना होगा। इसके बाद वे शादी कर सकेंगे। इस बदलाव का उद्देश्य उन अग्निवीरों को पारिवारिक जीवन शुरू करने का अवसर देना है, जिन्हें चार साल की सेवा के बाद अतिरिक्त दो साल तक सेना में बने रहने का विकल्प दिया गया है।

महिला अग्निवीरों को मिलेगा मातृत्व अवकाश और अन्य लाभ

प्रस्तावित बदलाव में महिला अग्निवीरों के लिए भी महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल हैं। यदि कोई महिला अग्निवीर दो साल के विस्तारित कार्यकाल के दौरान शादी करती है और गर्भवती होती है, तो उसे महिला अग्निवीरों पर लागू मातृत्व संबंधी सभी लाभ और छुट्टियां देने की बात कही गई है। इससे महिला अग्निवीरों को सेवा के दौरान पारिवारिक जिम्मेदारियों और मातृत्व से जुड़ी जरूरतों के लिए सहायता मिल सकेगी।

2022 में शुरू हुई थी अग्निपथ योजना

केंद्र सरकार ने साल 2022 में अग्निपथ योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत तीनों सेनाओं में अग्निवीरों की भर्ती चार साल के लिए की जाती थी। मूल प्रावधान के मुताबिक, चार साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को मेरिट के आधार पर नियमित सैनिक के रूप में शामिल किया जाना था, जबकि बाकी 75 प्रतिशत को सेवा से मुक्त किया जाना था।

हालांकि, 4 नवंबर 2026 को केंद्र सरकार ने इस व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, शुरुआती चार साल के बाद 25 प्रतिशत अग्निवीरों को पहले की तरह मेरिट के आधार पर नियमित सेवा में शामिल किया जाएगा। शेष 75 प्रतिशत को अपनी इच्छा के आधार पर दो साल का अतिरिक्त सेवा कार्यकाल दिया जाएगा।

दो साल बाद नियमित सैनिक बनने का भी मिलेगा अवसर

कैबिनेट के नए फैसले के मुताबिक, अतिरिक्त दो साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद सभी अग्निवीरों को नियमित सैनिक के रूप में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा। हालांकि, इसके लिए उनकी सहमति और निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करना जरूरी होगा। दूसरे कार्यकाल के दौरान अग्निवीरों को पहले की तुलना में अधिक वेतन, बेहतर सेवा निधि पैकेज और वरिष्ठता से जुड़े लाभ भी दिए जाएंगे। शादी के नियमों में बदलाव पर क्या है स्थिति?

गौरतलब है कि अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा के दौरान शादी की अनुमति देने का मुद्दा पहले से विचाराधीन है। बिजनेस स्टैंडर्ड की 18 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, सशस्त्र बलों ने इस संबंध में सरकार को प्रस्ताव दिया है। हालांकि, शादी संबंधी नियमों में बदलाव की औपचारिक अधिसूचना की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.