संविधान दिवस पर BJP का देशव्यापी जागरूकता अभियान, Gen Z और युवाओं पर रहेगा खास फोकस

संविधान दिवस पर बीजेपी 26 से 30 नवंबर तक देशव्यापी जागरूकता अभियान चलाएगी। Gen Z, युवाओं और विद्यार्थियों पर विशेष फोकस रहेगा। वहीं, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, विकास और सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाएगी।

By  Preeti Kamal November 20th 2026 04:15 PM -- Updated: November 20th 2026 04:06 PM

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) संविधान दिवस के अवसर पर 26 से 30 नवंबर तक देशभर में पांच दिवसीय संविधान जागरूकता अभियान चलाने जा रही है। इस अभियान का विशेष फोकस Gen Z, युवाओं और विद्यार्थियों पर रहेगा। इसके तहत देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर नई पीढ़ी को संविधान के मूल्यों, आदर्शों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के बारे में जागरूक किया जाएगा।

बीजेपी इस अभियान के तहत स्कूलों और कॉलेजों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रही है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के महत्व और उसके सिद्धांतों की जानकारी दी जाएगी। पार्टी ने अपने सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करें। सांसदों के जरिए विद्यार्थियों और युवाओं तक पहुंच बनाई जाएगी, ताकि नई पीढ़ी में संवैधानिक मूल्यों के प्रति समझ और जागरूकता बढ़ाई जा सके।

विपक्ष के आरोपों के बीच BJP का संविधान अभियान

बीजेपी का यह अभियान ऐसे समय में आयोजित किया जा रहा है, जब विपक्ष लगातार पार्टी पर संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने की कोशिश करने के आरोप लगाता रहा है। इस देशव्यापी अभियान के जरिए बीजेपी संविधान को लेकर अपना पक्ष जनता तक पहुंचाने और संवैधानिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सामने रखने की कोशिश करेगी। पार्टी का विशेष जोर युवाओं के बीच संविधान से जुड़ी जानकारी और जागरूकता बढ़ाने पर रहेगा।

यूपी चुनाव के लिए तीन मुद्दों पर BJP की रणनीति

वहीं, आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी बीजेपी ने अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। पार्टी सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, विकास और सुरक्षा जैसे तीन प्रमुख मुद्दों को चुनावी अभियान का आधार बनाने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को मथुरा में हुई पार्टी की बैठक में इस तीन स्तरीय चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में उन मुद्दों की पहचान की गई, जिनके जरिए पार्टी मतदाताओं तक पहुंचेगी।

कृष्ण जन्मभूमि और UCC को बनाया जा सकता है चुनावी मुद्दा

सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के एजेंडे के तहत बीजेपी कृष्ण जन्मभूमि और समान नागरिक संहिता (UCC) जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठा सकती है। पार्टी इन विषयों को अपने चुनावी प्रचार का अहम हिस्सा बनाने की तैयारी में है। विकास के मुद्दे पर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकारों के कामकाज और उपलब्धियों को जनता के सामने रखा जाएगा। वहीं, सुरक्षा के एजेंडे में महिलाओं की सुरक्षा को प्रमुख स्थान दिए जाने की संभावना है।

नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने की भी तैयारी

मथुरा में हुई बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी और असंतोष पर भी चर्चा हुई। बीजेपी नेतृत्व ने फैसला किया है कि नाराज कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जाएगा और उन्हें आपसी मतभेद भुलाकर चुनाव अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जाएगा। पार्टी की कोशिश है कि सरकार की उपलब्धियों और अपने प्रमुख वैचारिक मुद्दों को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ संगठन को भी चुनाव से पहले मजबूत किया जाए।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.