दिल्ली-मुंबई में बारिश का असर, कई उड़ानें प्रभावित; एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अनुमान जताया है कि दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

By  Preeti Kamal July 7th 2026 06:30 PM -- Updated: July 7th 2026 05:44 PM

नई दिल्ली: दिल्ली और मुंबई में मंगलवार को हुई भारी बारिश के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं। खराब मौसम की वजह से कई उड़ानों के समय में बदलाव और देरी की आशंका को देखते हुए इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में खराब मौसम का असर उड़ानों के संचालन पर पड़ा है और एयरलाइन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

एयरलाइन ने कहा, "दिल्ली में खराब मौसम के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है। हम मौसम की लगातार निगरानी कर रहे हैं और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।" इंडिगो ने यात्रियों से अपनी उड़ान की स्थिति वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए जांचने और बारिश के कारण धीमे ट्रैफिक को देखते हुए एयरपोर्ट के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की।

बारिश के कारण सड़क पर ट्रैफिक धीमा हो सकता है

एयरलाइन ने कहा, "कृपया हमारी वेबसाइट या ऐप पर अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें। बारिश के कारण सड़क पर ट्रैफिक धीमा हो सकता है, इसलिए एयरपोर्ट पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय रखें। हमारी टीम हर कदम पर आपकी सहायता के लिए उपलब्ध है।" वहीं, एयर इंडिया ने भी चेतावनी जारी करते हुए कहा कि दिल्ली आने और जाने वाली उड़ानें प्रतिकूल मौसम से प्रभावित हो सकती हैं।

एयरलाइन ने कहा, "खराब मौसम का असर दिल्ली से आने-जाने वाली उड़ानों पर पड़ सकता है। यात्रियों से अनुरोध है कि एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट की नवीनतम स्थिति अवश्य जांच लें।" इसी तरह स्पाइसजेट ने भी बताया कि दिल्ली और मुंबई में भारी बारिश के कारण प्रस्थान, आगमन और कनेक्टिंग उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।

अपनी फ्लाइट का स्टेटस नियमित रूप से जांचते रहें

एयरलाइन ने कहा, "दिल्ली और मुंबई में भारी बारिश के कारण सभी आगमन, प्रस्थान और उनसे जुड़ी कनेक्टिंग उड़ानों पर असर पड़ सकता है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी फ्लाइट का स्टेटस नियमित रूप से जांचते रहें।" यह एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की गई है जब मानसून की बारिश के चलते दिल्ली और मुंबई के कई हिस्सों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। एयरलाइंस ने यात्रियों को यात्रा की पहले से योजना बनाने और उड़ानों से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।

दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे

इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अनुमान जताया है कि दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। आईएमडी ने 7, 8 और 9 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 7 जुलाई को कई स्थानों पर हल्की बारिश और कुछ इलाकों में मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों के दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.