वैश्विक संकट के बावजूद भारत में नहीं होने दी ईंधन की कमी, ऊर्जा कूटनीति ने निभाई अहम भूमिका: हरदीप पुरी

हरदीप सिंह पुरी ने वैश्विक संकटों के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल की निर्बाध आपूर्ति का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और ऊर्जा कूटनीति को दिया। उन्होंने देश के 92 हजार सार्वजनिक क्षेत्र के पेट्रोलियम डीलरों की भूमिका की सराहना की।

By  Preeti Kamal November 21st 2026 11:08 AM -- Updated: November 21st 2026 11:04 AM

नई दिल्ली: केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारत की ऊर्जा कूटनीति के चलते वैश्विक भू-राजनीतिक संकटों का असर देश के आम उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंचा। दुनिया के कई देशों में ईंधन संकट और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन में रुकावटों के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति निर्बाध बनी रही।

हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए भारत की ऊर्जा सुरक्षा और सरकार की रणनीति की सराहना की। उन्होंने लिखा कि जब दुनिया में भू-राजनीतिक संकटों के कारण अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन प्रभावित हुई और कई देशों में ईंधन की आपात स्थिति पैदा हुई, तब भारत के ऊर्जा उपभोक्ता इन परिस्थितियों से सुरक्षित रहे। मंत्री ने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपनाई गई भारत की ऊर्जा कूटनीति को दिया। उनके मुताबिक, वैश्विक संकट के बावजूद देश के घरों और राजमार्गों तक इसका असर नहीं पहुंचने दिया गया।

92 हजार पेट्रोलियम डीलरों ने निभाई अहम भूमिका

केंद्रीय मंत्री ने देशभर में काम कर रहे सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों (PSU) के करीब 92,000 पेट्रोलियम डीलरों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के दौरान इन डीलरों ने ईंधन की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पेट्रोलियम डीलरों ने अफवाहों और कथित तौर पर ईंधन की कमी को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम के बावजूद अपना काम जारी रखा। पुरी ने कहा कि देश की प्रगति की रफ्तार नहीं रुकी और इन समर्पित पेट्रोलियम डीलरों ने प्रधानमंत्री के विजन के साथ खड़े रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाई।

अफवाहों के बीच भी नहीं सूखा कोई पेट्रोल पंप: पुरी

हरदीप सिंह पुरी ने दावा किया कि पेट्रोलियम डीलरों ने ईंधन की कमी और पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों को लेकर फैल रही अफवाहों का मुकाबला किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि इन समर्पित ऊर्जा कर्मियों ने यह सुनिश्चित किया कि देश का एक भी रिटेल आउटलेट ईंधन के बिना खाली न रहे। मंत्री ने पेट्रोलियम डीलरों को देश का 'एनर्जी एंबेसडर' बताते हुए कहा कि शहरों और स्थानीय इलाकों में उनकी मौजूदगी ने वैश्विक अनिश्चितता के दौरान लोगों का भरोसा बनाए रखने में मदद की।

पेट्रोलियम डीलरों के साथ आवास पर की मुलाकात

केंद्रीय मंत्री ने अपने आवास पर पेट्रोलियम डीलरों के साथ हुई मुलाकात का भी जिक्र किया। इस दौरान ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े अनुभवों, समस्याओं, सुझावों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई। पुरी ने कहा कि इस बातचीत में सभी ने अपने अनुभव, चिंताएं और विचार साझा किए। उन्होंने मुलाकात के लिए समय निकालने पर डीलरों का आभार जताया और भविष्य में ऐसी और बैठकों की उम्मीद व्यक्त की। इस पोस्ट में उन्होंने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के साथ भारत पेट्रोलियम (BPCL), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) को भी टैग किया।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.