IMD का बड़ा अलर्ट: कई राज्यों में पारा 45 डिग्री तक पहुंचने की चेतावनी
नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में लू (हीटवेव) को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और गर्म व शुष्क मौसम कम से कम एक सप्ताह तक बना रह सकता है।
सोमवार को मीडिया से बातचीत में IMD वैज्ञानिक अखिलेश श्रीवास्तव ने कहा, “आज उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और आसपास के क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति रहने की संभावना है। यह स्थिति अगले सात दिनों तक बनी रह सकती है।” IMD वैज्ञानिक ने राज्यों के अनुसार अलर्ट की जानकारी देते हुए कहा, “पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान के साथ-साथ महाराष्ट्र के विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्रों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।”
पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ‘गर्म रात’ की चेतावनी
स्थिति की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, “पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ‘गर्म रात’ (Warm Night) की चेतावनी जारी की गई है, जिसके चलते ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश और विदर्भ में गंभीर हीटवेव की स्थिति बन सकती है, जिसके लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।”
उन्होंने पूर्वी और दक्षिणी भारत में उमस भरे मौसम की भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “ओडिशा में अगले 3-4 दिनों तक गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश में भी अगले 3-4 दिनों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है।” दिल्ली-एनसीआर को लेकर उन्होंने कहा कि यहां तापमान पहले से ही काफी अधिक है और आगे और बढ़ सकता है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 42-43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया, “कल दिल्ली में अधिकतम तापमान 42-43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हमारा अनुमान है कि अगले सप्ताह दिल्ली में तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अगले तीन दिनों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है और कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति भी बन सकती है। अगले दो दिनों के लिए दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।”
उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम ज्यादातर शुष्क रहेगा
बारिश के पैटर्न पर जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, “उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम ज्यादातर शुष्क रहेगा, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी होगी। हालांकि केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में बारिश होने की संभावना है। केरल के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कर्नाटक में ओलावृष्टि हो सकती है, जबकि पूर्वोत्तर भारत में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।”