'कॉरपोरेट टैक्स 30% से 22% किया, क्या कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई?' PM मोदी ने उद्योग जगत से पूछा तीखा सवाल
फिक्की के कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी ने उद्योग जगत से सवाल किया कि कॉरपोरेट टैक्स में कटौती का फायदा कर्मचारियों को मिला या नहीं। उन्होंने कृषि क्षेत्र में निवेश और रोजगार बढ़ाने पर भी जोर दिया।
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजधानी दिल्ली में फिक्की के एक कार्यक्रम में उद्योग जगत से कर्मचारियों के हितों और कृषि क्षेत्र में निवेश को लेकर कई अहम सवाल किए। उन्होंने उद्योगपतियों से पूछा कि सरकार ने कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत की, लेकिन क्या कंपनियों ने इस राहत का लाभ अपने कर्मचारियों को भी दिया? क्या इससे कर्मचारियों की संख्या और उनकी सैलरी में बढ़ोतरी हुई?
पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। देश में विकास की रफ्तार तेज है और गरीबी से लोगों को बाहर निकालने की गति भी अभूतपूर्व बताई जा रही है। उन्होंने वैश्विक संस्थानों के अनुमानों का हवाला देते हुए कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि दर करीब सात प्रतिशत रहने की उम्मीद है।
टैक्स में राहत के बाद उद्योगों की जिम्मेदारी
प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत को याद दिलाया कि सरकार ने कॉरपोरेट टैक्स में कटौती करके कंपनियों को राहत दी है। ऐसे में उद्योगों को आत्ममंथन करना चाहिए कि इस राहत का इस्तेमाल किस तरह किया गया और क्या इसका फायदा रोजगार बढ़ाने तथा कर्मचारियों के वेतन में सुधार के रूप में भी सामने आया।
उनका सवाल उद्योग जगत के सामने रोजगार सृजन और कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को लेकर जिम्मेदारी तय करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने की अपील
पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने के लिए समय-समय पर आत्ममंथन जरूरी है। यह बात व्यक्ति, उद्योग और देश—सभी पर लागू होती है।
प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत से यह भी कहा कि वे बिना किसी झिझक के लिखकर बताएं कि देश की प्रगति के लिए और कौन-से सुधार किए जाने चाहिए। उन्होंने उद्योगों से सरकार के साथ सुझाव साझा करने की अपील की।