LPG सिलेंडर की बढ़ी कीमतें जनता पर एक और बोझ: संजय सिंह

By  Preeti Kamal June 7th 2026 02:10 PM -- Updated: June 7th 2026 12:57 PM

रायपुर, छत्तीसगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने भारत में गैस की कीमतों की तुलना अमेरिका और कनाडा से किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रति व्यक्ति आय में भारी अंतर को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

मीडिया से बातचीत में संजय सिंह ने कहा, "पहले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए और अब घरेलू सिलेंडर भी महंगा कर दिया गया है। भारत की तुलना अमरीका और कनाडा से की जा रही है, लेकिन वहां की प्रति व्यक्ति आय क्या है और भारत की क्या है? प्रति व्यक्ति आय के मामले में भारत 142वें स्थान पर है। ऐसे में गैस की कीमत बढ़ाना देश की जनता पर एक और बोझ डालने जैसा है।"

सरकार महंगाई नहीं रोक पा रही है- संजय सिंह

संजय सिंह ने कहा, "सरकार महंगाई नहीं रोक पा रही क्योंकि उसका पूरा ध्यान हिंदू-मुस्लिम मुद्दों पर है। देशभर में परीक्षा पत्र लीक हो रहे हैं और पांच छात्र अपनी जान गंवा चुके हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "महंगाई बढ़े या पेपर लीक से लोग परेशान हों, सरकार के पास हर बात का बहाना होता है। इससे भी दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि सरकार महंगाई और रुपये की लगातार गिरती कीमत को स्वीकार करने तक को तैयार नहीं है।" वहीं, राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के नेता मलूक नागर ने सरकार का बचाव करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा देश की जनता की चिंता करते हैं।

"दूसरे देशों की तुलना में भारत में लोगों की परेशानियां कम हैं"

मलूक नागर ने कहा, "भारत में पेट्रोलियम क्षेत्र में महंगाई करीब 7 प्रतिशत है, जबकि दुनिया के कई देशों में यह 12.5 प्रतिशत से लेकर 90 प्रतिशत तक है। प्रधानमंत्री मोदी हर निर्णय के प्रभाव को ध्यान में रखते हैं और जनता के हितों का पूरा ख्याल रखते हैं।" उन्होंने कहा, "दूसरे देशों की तुलना में भारत में लोगों की परेशानियां कम हैं। हम और प्रधानमंत्री मोदी यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि आगे कीमतों में और बढ़ोतरी न हो।"

घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण बढ़ती लागत के बीच रविवार से घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, भारत में घरेलू उपभोक्ताओं को अभी भी पड़ोसी देशों के मुकाबले और अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया तथा कनाडा जैसे विकसित देशों की तुलना में काफी सस्ता रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.