‘ऑपरेशन टाइगर’ जारी, छह सांसद आज थामेंगे शिवसेना का दामन: प्रताप सरनाईक

यवतमाल-वाशिम सांसद संजय देशमुख, हिंगोली सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर, परभणी सांसद संजय जाधव, शिर्डी सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे, मुंबई उत्तर-पूर्व सांसद संजय दीना पाटिल और धाराशिव सांसद ओमप्रकाश राजे निंबालकर ने शिवसेना (UBT) की संसदीय दल की बैठक में हिस्सा नहीं लिया था। माना जा रहा है कि ये सभी नेता एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं।

By  Preeti Kamal June 22nd 2026 01:15 PM -- Updated: June 22nd 2026 12:41 PM

मुंबई, महाराष्ट्र: शिवसेना (UBT) में बगावत की चर्चाओं के बीच शिवसेना विधायक और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री प्रताप सरनाईक ने सोमवार को दावा किया कि UBT सेना के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे संसद में पार्टी की ताकत काफी बढ़ जाएगी। पत्रकारों से बातचीत में प्रताप सरनाईक ने कहा, “आज दोपहर 3 बजे छह सांसद आधिकारिक तौर पर शिवसेना में शामिल होंगे। इससे हमारे सांसदों की संख्या 7 से बढ़कर 13 हो जाएगी। इससे शिवसेना की ताकत बढ़ी है।” उन्होंने बताया कि UBT सेना के इन सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र भी सौंप दिया है।

सरनाईक ने आगे कहा, “ऑपरेशन टाइगर 365 दिन चलता है। बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा का पालन करने वाले छह सांसद आज दोपहर 3 बजे शिवसेना में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र दिया है। हम उनका स्वागत करते हैं। हम संजय राउत का धन्यवाद करते हैं, जिनकी वजह से पहले विधायक हमारे साथ आए और अब छह सांसद भी हमारी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।”

उद्धव ठाकरे 27 जून को यवतमाल से अपने दौरे की शुरुआत करेंगे

इस बीच, शिवसेना (UBT) के विधायक महेश सावंत ने कहा, “जाने वाले गए। हम सामना में जो प्रकाशित हुआ है, उससे सहमत हैं।” वहीं, शिवसेना विधान परिषद सदस्य डॉ. मनीषा कायंदे ने कहा कि उन्हें इस राजनीतिक घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, “कोई बागी नहीं है। वे शिवसैनिक हैं जो शिवसेना में शामिल हो रहे हैं। मुझे इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं है, लेकिन एकनाथ शिंदे जी ने निश्चित रूप से उनका स्वागत किया है।”

उन्होंने आगे कहा, “कल ओमराजे निंबालकर ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया था और अन्य सांसद भी अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लोगों से मिल चुके हैं। आज कुछ अच्छी खबर मिल सकती है।” उधर, शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे भी पार्टी में बढ़ती असंतोष की खबरों के बीच महाराष्ट्रव्यापी जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रहे हैं। इस अभियान के तहत वह पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे, जिनमें उन क्षेत्रों के कार्यकर्ता भी शामिल होंगे जहां से बागी सांसद चुने गए हैं। UBT सांसद संजय राउत द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उद्धव ठाकरे 27 जून को यवतमाल से अपने दौरे की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वह वाशिम, हिंगोली, परभणी, धाराशिव और शिर्डी का दौरा करेंगे।

बागी सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं

यवतमाल-वाशिम सांसद संजय देशमुख, हिंगोली सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर, परभणी सांसद संजय जाधव, शिर्डी सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे, मुंबई उत्तर-पूर्व सांसद संजय दीना पाटिल और धाराशिव सांसद ओमप्रकाश राजे निंबालकर ने शिवसेना (UBT) की संसदीय दल की बैठक में हिस्सा नहीं लिया था। माना जा रहा है कि ये सभी नेता एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.