आमेर में गाइड की मौत के बाद तनाव, बाजार बंद; हाथी सवारी और पर्यटकों की आवाजाही रोकी गई

जयपुर के आमेर में गाइड मनीष सोनी की चाकू लगने से मौत के बाद तनाव फैल गया। बाजार बंद कराए गए और आमेर महल की हाथी सवारी व पर्यटकों की आवाजाही रोक दी गई। पुलिस बल तैनात है।

By  Laxman September 8th 2026 03:09 PM

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के आमेर इलाके में गाइड मनीष सोनी की मौत के बाद सोमवार की घटना ने मंगलवार को तनाव का रूप ले लिया। जीप चालक के साथ विवाद के बाद चाकू से घायल हुए मनीष ने सवाई मानसिंह अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर आमेर पहुंचते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।

बाजार बंद, आमेर महल जाने वाले रास्ते रोके

मनीष सोनी की मौत के बाद बड़ी संख्या में लोग आमेर कस्बे में एकत्रित हो गए। आक्रोशित लोगों ने बाजार की दुकानें बंद करवा दीं। इसके अलावा आमेर महल में होने वाली हाथी सवारी भी रोक दी गई, जबकि पर्यटकों की आवाजाही पर भी असर पड़ा।

आमेर महल की तरफ जाने वाले प्रमुख रास्ते को लोगों ने बंद कर दिया। अचानक पैदा हुए तनाव के कारण पर्यटन गतिविधियां प्रभावित हुईं और वहां पहुंचे पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मावठा सरोवर के पास हुआ था विवाद

बताया गया है कि सोमवार को आमेर के मावठा सरोवर क्षेत्र में जीप चालक और गाइड मनीष सोनी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर मनीष पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल मनीष को इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा बढ़ गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटने लगे।

भारी पुलिस बल तैनात, स्कूल भी बंद

तनाव को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त जाप्ते के साथ आमेर में मौजूद हैं। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है और पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत क्षेत्र के स्कूलों को भी बंद करवाया गया है।

आक्रोशित लोगों और मनीष के परिजनों ने आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठाई है। परिवार की ओर से प्रशासन को ज्ञापन देकर एक करोड़ रुपये मुआवजा, आश्रित को सरकारी नौकरी और डेयरी बूथ देने की मांग की गई है।

इसके अलावा परिवार ने आमेर क्षेत्र में कथित रूप से अवैध या अनधिकृत तरीके से जीप संचालन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और प्रतिबंध लगाने की मांग की है। साथ ही आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई जारी रखने की मांग भी रखी गई है।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता आमेर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और स्थिति को सामान्य करना है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.