डूंगरपुर, राजस्थान: राजस्थान के डूंगरपुर जिले में शुक्रवार रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। लगातार हुई बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भोईवाड़ा इलाके में जलभराव के कारण कई वाहन पानी के तेज बहाव में बह गए। स्थानीय लोग देर रात तक पानी में उतरकर अपने वाहनों को निकालने का प्रयास करते रहे।
वहीं, मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में भी लगातार हो रही बारिश से नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया। किरनापुर थाना क्षेत्र के भानपुर गांव में खेतों में काम करने गए 16 ग्रामीण अचानक जलभराव के कारण फंस गए। बालाघाट के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के अनुसार, सूचना मिलते ही किरनापुर पुलिस, हट्टा पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और हॉक फोर्स की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव के बावजूद सभी 16 ग्रामीणों को सुरक्षित निकालकर उनके घर पहुंचाया गया।
Dungarpur, Rajasthan: Monsoon rains continued to lash the district for the second consecutive day. Heavy rainfall began at around 11:00 PM on Friday and continued for nearly 90 minutes, causing widespread waterlogging across the city. Several roads in the old city turned into… pic.twitter.com/CwA8N5chi2
— IANS (@ians_india) July 4, 2026
रेस्क्यू अभियान के बाद पुलिस ने लोगों से की अपील
रेस्क्यू अभियान के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की कि मानसून के दौरान उफनती नदियों, नालों, पुलों और जलभराव वाले रास्तों को पार करने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करने की सलाह दी गई है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि 3 जुलाई को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़त दर्ज की है।
पश्चिम भारत के कई हिस्सों में लगातार बारिश जारी
आईएमडी के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों के दौरान मानसून के उत्तर अरब सागर, गुजरात, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के शेष हिस्सों में और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। उधर, पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया है। महाराष्ट्र और गुजरात के कई इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और कुछ स्थानों पर जान-माल के नुकसान की भी खबरें सामने आई हैं।
आईएमडी के अनुसार, राजकोट में 3 जुलाई को भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि 4 जुलाई को क्षेत्र के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। 5 जुलाई को भी ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना है। इसके अलावा, मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर, नासिक और पुणे के घाट क्षेत्रों के लिए आईएमडी ने ऑरेंज नाउकास्ट चेतावनी जारी की है। विभाग ने इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
Add GTC Bharat on Google