गोरखपुर में दफ्तर खोलेगा मलेशिया का वर्ल्डफिश सेंटर, पूर्वांचल के मछली पालकों को मिलेगी नई तकनीक की ट्रेनिंग

मलेशिया का वर्ल्डफिश सेंटर गोरखपुर में उत्तर प्रदेश फिशरीज प्रोजेक्ट ऑफिस खोलेगा।

By  Mangala Tiwari November 14th 2026 01:11 PM

लखनऊ:  मलेशिया का वर्ल्डफिश सेंटर गोरखपुर में उत्तर प्रदेश फिशरीज प्रोजेक्ट ऑफिस खोलेगा। इसके लिए शुक्रवार को उत्तर प्रदेश मत्स्य विभाग और वर्ल्डफिश सेंटर, मलेशिया के बीच एमओयू पर करार हुआ। प्रदेश की महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. और वर्ल्डफिश सेंटर, मलेशिया के महानिदेशक डॉ. ईसाम यासीन मोहम्मद ने समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया। इस योजना के तहत पूर्वांचल के मछली पालकों, हैचरी चलाने वालों, युवाओं, शोधकर्ताओं और विभाग के कर्मचारियों को व्यावहारिक और तकनीकी ट्रेनिंग दी जाएगी।


मछली पालकों की बढ़ेगी आमदनी: धनलक्ष्मी


महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. ने बताया कि इस एमओयू का मकसद प्रदेश में मछली उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाना, अच्छी क्वालिटी के मछली बीज उपलब्ध कराना, आधुनिक मछली पालन तकनीक को फैलाना और मछली पालकों की आमदनी बढ़ाना है। योजना के तहत प्रदेश में आधुनिक मत्स्य बीज उत्पादन केंद्र और हैचरी बनाई जाएंगी, ताकि बेहतर बीज उत्पादन, मछली उत्पादन और खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा मिले। उन्नत प्रजातियों के अच्छे बीज बनाने की तकनीक भी विकसित की जाएगी। साथ ही विभाग के अधिकारियों और मछली पालकों को तकनीकी ट्रेनिंग और एक्सपोजर विजिट के जरिए तैयार किया जाएगा।


पेंगेसियस और GIFT तिलापिया के बीज उत्पादन में मदद:


डीजी मत्स्य ने बताया कि वर्ल्डफिश उत्तर प्रदेश फिशरीज प्रोजेक्ट पेंगेसियस और GIFT तिलापिया जैसी उन्नत मछली प्रजातियों के हैचरी बीज उत्पादन में तकनीकी मदद और हैंडहोल्डिंग देगा। ब्रूड स्टॉक प्रबंधन, प्रजनन, स्पॉन, फ्राई और फिंगरलिंग उत्पादन के हर चरण में तकनीकी विशेषज्ञ मार्गदर्शन करेंगे।


इसके अलावा अमृत कतला, जयन्ती रोहू और अमूर कॉमन कार्प जैसी आनुवंशिक रूप से उन्नत प्रजातियों के बीज उत्पादन और संरक्षण के लिए भी तकनीकी सहयोग मिलेगा। इसके लिए स्टेट ब्रूड स्टॉक मल्टीप्लीकेशन एंड रिसर्च फैकल्टी, न्यूक्लियस ब्रूड बैंक और पेडीग्री जर्मप्लाज्म संरक्षण जैसी सुविधाएं विकसित करने में मदद दी जाएगी।


पूरी तरह राज्य सरकार के पैसे से चलेगी योजना:


वर्ल्डफिश उत्तर प्रदेश फिशरीज योजना का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। यह योजना ज्यादा उत्पादन देने वाली उन्नत मछली प्रजातियों के बीज उत्पादन, आधुनिक तकनीक के हस्तांतरण, अनुसंधान और प्रशिक्षण के जरिए मत्स्य क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगी। इससे प्रदेश इन खास प्रजातियों के बीज उत्पादन में आत्मनिर्भर बन सकेगा। मछली उत्पादन और आमदनी बढ़ने के साथ गांवों में रोजगार, पोषण और खाद्य सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।


एमओयू के दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव (मत्स्य) मुकेश कुमार मेश्राम, वर्ल्डफिश सेंटर, मलेशिया के महानिदेशक डॉ. ईसाम यासीन मोहम्मद, भारत में वर्ल्डफिश के प्रतिनिधि अरुण पड़ियार और मत्स्य विभाग के सभी अधिकारी मौजूद रहे।


Related Post

राष्ट्र की शक्ति और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है सैन्य परिवार: मुख्यमंत्री
त्योहार और सर्दी में गोवंश की सुरक्षा के लिए योगी सरकार का खास प्लान, सड़कों से हटाए जाएंगे निराश्रित पशु
व्यावसायिक शिक्षा के पांचों कौशल मानक पूरे करने वाला देश का पहला राज्य बना यूपी, स्कूली बच्चे सीखेंगे पैसों का प्रबंधन और कारोबार
अब 'एक जिला-एक कला' को बढ़ावा देगी यूपी सरकार, संगीत नाटक अकादमी के स्थापना दिवस पर बोले सीएम योगी
मेरठ में 14 नवंबर को पूर्व सैनिक रैली, सीएम योगी के सामने सुलझेंगी पेंशन और दस्तावेजों की समस्याएं
परिषदीय स्कूलों में कक्षा 1 और 2 के बच्चों की होगी परख, डीएलएड प्रशिक्षु निपुण प्लस ऐप से करेंगे आकलन

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.