नई दिल्ली, भारत: भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग ने वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत शानदार प्रदर्शन के साथ की है। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2026 में यात्री वाहन, तीन-पहिया और दो-पहिया वाहनों की बिक्री में जोरदार दो अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

अप्रैल 2026 में यात्री वाहन, तीन-पहिया, दो-पहिया और क्वाड्रिसाइकिल समेत कुल वाहन उत्पादन 29,22,427 यूनिट रहा। यात्री वाहनों की बिक्री अप्रैल 2026 में बढ़कर 4,37,312 यूनिट हो गई, जो अप्रैल 2025 की तुलना में 25.4 प्रतिशत अधिक है। वहीं तीन-पहिया वाहनों की बिक्री 65,668 यूनिट रही, जिसमें सालाना आधार पर 32.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई। दो-पहिया वाहनों की बिक्री बढ़कर 18,72,691 यूनिट पहुंच गई, जो पिछले साल के मुकाबले 28.4 प्रतिशत ज्यादा है।

 2025-26 की दूसरी छमाही में पकड़ी थी रफ्तार 

एसआईएएम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि उद्योग ने वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी छमाही में जो रफ्तार पकड़ी थी, वह नए वित्त वर्ष के पहले महीने में भी जारी रही। उन्होंने कहा, “वित्त वर्ष 2026-27 के पहले महीने में यात्री वाहन, तीन-पहिया और दो-पहिया वाहनों में मजबूत दो अंकों की वृद्धि दर्ज की गई।”

अब तक की सबसे ज्यादा 4.37 लाख यूनिट बिक्री दर्ज हुई

राजेश मेनन ने बताया कि अप्रैल 2026 में यात्री वाहनों की अब तक की सबसे ज्यादा 4.37 लाख यूनिट बिक्री दर्ज हुई। वहीं तीन-पहिया वाहनों की बिक्री भी रिकॉर्ड 0.66 लाख यूनिट तक पहुंची। उन्होंने कहा, “पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण कमोडिटी कीमतों को लेकर चिंता जरूर है, लेकिन उद्योग में मांग मजबूत बनी हुई है।” यात्री वाहन श्रेणी में घरेलू बिक्री अप्रैल 2025 के 3,48,847 यूनिट से बढ़कर अप्रैल 2026 में 4,37,312 यूनिट हो गई।

तीन-पहिया वाहनों की बिक्री में दुई बढ़ोत्तरी

तीन-पहिया वाहनों में पैसेंजर कैरियर बिक्री 40,167 यूनिट से बढ़कर 52,655 यूनिट पहुंच गई, जबकि गुड्स कैरियर बिक्री 8,135 यूनिट से बढ़कर 11,806 यूनिट हो गई। ई-कार्ट बिक्री भी 309 यूनिट से बढ़कर 479 यूनिट रही। हालांकि ई-रिक्शा बिक्री 830 यूनिट से घटकर 728 यूनिट रह गई। दो-पहिया वाहनों में स्कूटर बिक्री 5,48,370 यूनिट से बढ़कर 6,91,993 यूनिट हो गई, जबकि मोटरसाइकिल बिक्री 8,71,666 यूनिट से बढ़कर 11,38,452 यूनिट पहुंच गई। मोपेड बिक्री भी 38,748 यूनिट से बढ़कर 42,246 यूनिट रही।

एसआईएएम ने यह भी बताया कि बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज, जगुआर लैंड रोवर (JLR) और वोल्वो ऑटो के आंकड़े उपलब्ध नहीं थे, जबकि टाटा मोटर्स की घरेलू बिक्री के आंकड़े केवल कुल यात्री वाहन संख्या में शामिल किए गए हैं।