नई दिल्ली: वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की खरीदारी के समर्थन से भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ खुले। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 272.87 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,537.20 अंक पर पहुंच गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 50 सूचकांक 69.15 अंक यानी 0.29 प्रतिशत चढ़कर 23,921.55 अंक पर कारोबार करता दिखाई दिया।
बैंकिंग और बाजार विशेषज्ञ अजय बग्गा के अनुसार, भारतीय बाजारों में फिलहाल सकारात्मक माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले दो कारोबारी सत्रों से एफआईआई निवेश का रुख सकारात्मक रहा है, जो बाजार के लिए उत्साहजनक संकेत है। अजय बग्गा ने कहा, "यदि विदेशी निवेशकों की खरीदारी का यह सिलसिला जारी रहता है, तो भारतीय बाजार पर बना एक बड़ा दबाव समाप्त हो सकता है।"
Sensex climbs 272.87 points to 76,537.20 in early trade; Nifty up 69.15 points to 23,921.55.
— Press Trust of India (@PTI_News) June 16, 2026
बाजार पर छाया अमरीका-ईरान समझौते का असर
वैश्विक परिदृश्य पर टिप्पणी करते हुए अजय बग्गा ने कहा कि एशियाई बाजार फिलहाल अमेरिका-ईरान समझौते, खाड़ी क्षेत्र में तेल टैंकरों की सामान्य आवाजाही की बहाली और कच्चे तेल की कीमतों में संभावित स्थिरता जैसे कारकों का आकलन कर रहे हैं। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई सूचकांक लगभग 0.98 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक 2.40 प्रतिशत मजबूत हुआ। हालांकि हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक 1.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करता दिखाई दिया।
सोने की कीमतों में वृद्धि, नैस्डैक में 3 प्रतिशत की मजबूती
वस्तु बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में हल्की नरमी देखने को मिली। ब्रेंट क्रूड 82.91 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था, जबकि अमेरिकी कच्चा तेल 80.62 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर रहा। दूसरी ओर, सोने की कीमतों में 0.41 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। अमेरिकी बाजारों की बात करें तो डॉव जोन्स ने रिकॉर्ड ऊंचाई हासिल की, जबकि नैस्डैक में 3 प्रतिशत से अधिक की मजबूती दर्ज की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका-ईरान समझौते से जुड़े घटनाक्रम और तकनीकी क्षेत्र की मजबूती वैश्विक निवेशकों के भरोसे को समर्थन दे रही है।
घरेलू निवेशकों की भागीदारी, FII निवेश निभाएंगे अहम रोल- विशेषज्ञ
तकनीकी विश्लेषण के अनुसार, बाजार का रुझान फिलहाल सकारात्मक बना हुआ है। कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी रिसर्च प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा कि निफ्टी के लिए 23,750 और 23,550 के स्तर महत्वपूर्ण समर्थन क्षेत्र हैं, जबकि सेंसेक्स के लिए 76,000 और 75,700 का स्तर अहम रहेगा। उन्होंने कहा, "जब तक बाजार इन स्तरों के ऊपर बना रहता है, तब तक तेजी का रुख जारी रहने की संभावना है। वहीं ऊपर की ओर निफ्टी के लिए 24,000 और 24,100 तथा सेंसेक्स के लिए 76,800 और 77,000 महत्वपूर्ण प्रतिरोध स्तर बने रहेंगे।" विशेषज्ञों का मानना है कि घरेलू निवेशकों की भागीदारी, FII निवेश और वैश्विक संकेत आने वाले दिनों में भारतीय बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
Add GTC Bharat on Google