नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में दिल्ली पुलिस ने अवैध LPG रिफिलिंग और ब्लैक मार्केटिंग के एक रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 46 वर्षीय दुकान मालिक योगेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी योगेश गुप्ता ने स्वीकार किया कि वह पिछले कुछ दिनों से बड़े LPG सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरने का काम कर रहा था।

योगेश गुप्ता ने यह भी बताया कि 2–3 दिन पहले भी उसने कई छोटे सिलेंडरों में गैस भरी थी। आरोपी के पास इस तरह की गतिविधि के लिए कोई लाइसेंस या अधिकृत अनुमति नहीं थी और वह अपनी दुकान पर बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के गैस रिफिलिंग कर रहा था, जो गंभीर हादसे का कारण बन सकता था।

मौके से बरामद हुआ सामान

पुलिस ने दुकान की तलाशी के दौरान कई उपकरण और सिलेंडर बरामद किए। इनमें शामिल हैं:

  • 2 घरेलू LPG सिलेंडर (14.2 किलोग्राम – लाल रंग)
  • 3 छोटे घरेलू सिलेंडर (5 किलोग्राम – 2 लाल और 1 हरा)
  • गैस ट्रांसफर करने का पाइप/टूल (टोटापिलास)
  • एक LPG रिफिलिंग मशीन
  • एक वजन मापने की मशीन

सार्वजनिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरकर LPG की ब्लैक मार्केटिंग कर रहा था। इस तरह की गतिविधियां न केवल गैरकानूनी हैं बल्कि इससे आग या विस्फोट जैसी गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा भी रहता है।

कई धाराओं में मामला दर्ज

इस मामले में पुलिस ने Essential Commodities Act, 1955 की धारा 3/7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 287, 125 और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है।