नई दिल्ली: दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में रहने वाली करीब 50 वर्षीय महिला को कथित तौर पर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाला धमकी भरा व्हाट्सऐप कॉल आया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, महिला के पास 7 सितंबर की रात करीब 10:44 बजे विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को गोल्डी बराड़ बताया और दावा किया कि उसके पास महिला के बारे में पूरी जानकारी है।
कॉलर ने कथित तौर पर महिला से 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। पैसे नहीं देने पर महिला और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी गई। महिला ने शुरुआत में इसे गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन बाद में एक और धमकी भरा कॉल आने के बाद उसने सिविल लाइंस पुलिस थाने में शिकायत की। पुलिस की शुरुआती जांच के बाद 10 सितंबर को मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 351(4), 308(4) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया है।
A woman in Delhi has received an extortion demand of ₹200 crore from a caller identifying himself as Punjab-based gangster Goldy Brar, who is operating from abroad. This is the largest extortion demand in terms of amount reported in Delhi so far. Following preliminary… pic.twitter.com/z9R8JNbUkF
— IANS (@ians_india) September 15, 2026
क्या गोल्डी बराड़ ने ही दी धमकी? हर एंगल से जांच
पुलिस अभी यह पुष्टि नहीं कर पाई है कि धमकी वास्तव में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की ओर से दी गई थी या किसी अन्य व्यक्ति ने उसका नाम इस्तेमाल किया।सूत्रों के अनुसार, पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं यह मामला महिला की पैतृक संपत्ति या किसी निजी विवाद से जुड़ा तो नहीं है। महिला के पास सिविल लाइंस इलाके में पैतृक संपत्ति होने की बात सामने आई है।
जिला पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल भी मामले की जांच में जुटी है। जांच एजेंसियां विदेशी नंबर से कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान और धमकी के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं।
दिल्ली में अब तक की सबसे बड़ी रंगदारी मांग
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 200 करोड़ रुपये की यह मांग दिल्ली में अब तक सामने आई सबसे बड़ी रंगदारी मांग बताई जा रही है। हालांकि, जांच पूरी होने तक यह स्पष्ट नहीं है कि इसके पीछे कौन है और क्या आरोपी ने वास्तव में किसी संगठित गिरोह की ओर से धमकी दी थी।
भारत-कनाडा संबंधों पर भी आया गोल्डी बराड़ का संदर्भ
इससे पहले 27 अगस्त को पूर्व वरिष्ठ राजनयिक विद्या भूषण सोनी ने भारत-कनाडा संबंधों में हालिया सकारात्मक बदलावों का स्वागत किया था। उन्होंने कहा था कि हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ के कथित दावे से दोनों देशों के संबंधों के लिए “और रास्ते” खुल सकते हैं।
सोनी ने भारत-कनाडा संबंधों में आई पिछली गिरावट के लिए पूर्व कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की नीतियों और कथित खालिस्तानी लॉबी को लेकर उनके रुख पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि कनाडा में नेतृत्व परिवर्तन के बाद प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भारत की चिंताओं को दूर करने की दिशा में कदम उठाए हैं।
Add GTC Bharat on Google