नई दिल्ली: दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा कि इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

पीएम मोदी ने की हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात

प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मालवीय नगर में आग लगने से हुई जनहानि बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही कहा कि प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।

सुबह 8:48 बजे आग लगने की मिली थी सूचना 

दिल्ली पुलिस के अनुसार, सुबह 8:48 बजे मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के लिए आठ दमकल गाड़ियों को लगाया गया।

इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई

पुलिस, अग्निशमन विभाग और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के संयुक्त प्रयास से 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हालांकि, इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई।

दमकल विभाग के अधिकारी ए.के. मलिक ने बताया कि विभाग को सुबह करीब 8:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआत में सात दमकल गाड़ियां भेजी गईं और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी लगाए गए।

फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया, आगे की जांच जारी

अधिकारी ए.के. मलिक ने बताया कि इमारत में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और पांच मंजिलें थीं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि भवन केवल आवासीय परिसर के रूप में इस्तेमाल नहीं हो रहा था। वहां ठहरे अधिकांश लोग सामने स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजन या सहयोगी थे।

उन्होंने यह भी बताया कि भवन में कुछ विदेशी नागरिक भी ठहरे हुए थे। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और आगे की जांच के लिए इमारत को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।