चंडीगढ़, पंजाब: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए वर्ष 2025-26 के पेराई सीजन के दौरान किसानों का 100 प्रतिशत बकाया भुगतान कर दिया है। सरकार की ओर से किसानों को कुल 695.36 करोड़ रुपये का सीधा भुगतान किया गया है।

इस सीजन में राज्य की चीनी मिलों ने रिकॉर्ड 167.20 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद की है। सरकार के इस फैसले से किसानों में खुशी का माहौल है। किसानों का कहना है कि पहले भुगतान किस्तों में मिलता था, लेकिन अब समय पर सीधे बैंक खातों में राशि पहुंचने से उन्हें काफी राहत मिली है।

फसल विविधीकरण को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की इस पहल का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक गेहूं-धान फसल चक्र से बाहर निकालकर वैकल्पिक खेती के लिए प्रोत्साहित करना है। समय पर भुगतान की व्यवस्था से किसानों का गन्ने की खेती के प्रति भरोसा बढ़ा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

किसानों ने की सराहना

पाल सिंह और लखबीर सिंह सहित कई किसानों ने सरकार के इस कदम की सराहना की है। उनका कहना है कि इस नीति से किसान अब बिना किसी वित्तीय चिंता के गन्ने की खेती का विस्तार करने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

इसके अलावा, चीनी मिलों द्वारा किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज, सब्सिडी वाली कृषि मशीनरी और आधुनिक खेती संबंधी जानकारी उपलब्ध कराए जाने से उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिली है।