आइची-नागोया: एशियाई खेल 2026 में भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान को 2-1 से हरा दिया। मुकाबले में जोशना चिनप्पा ने भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई, जबकि निर्णायक मुकाबले में तान्वी खन्ना ने जीत दर्ज कर भारत के पक्ष में मुकाबला खत्म किया। पहले मुकाबले में जोशना चिनप्पा का सामना जापान की एरिसा सानो से हुआ। जोशना ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए सानो को सीधे दो गेम में 11-1, 11-8 से हराया। इस जीत के साथ भारत ने मुकाबले में 1-0 की बढ़त बना ली।

इसके बाद अनाहत सिंह कोर्ट पर उतरीं और उनका सामना जापान की सातोमी वातानाबे से हुआ। वातानाबे ने पहला गेम 11-8 से जीतकर भारत पर दबाव बनाया। हालांकि, अनाहत ने शानदार वापसी करते हुए अगले दो गेम 11-8 और 11-7 से जीत लिए। वातानाबे ने चौथा गेम 11-8 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक पांचवें गेम तक पहुंचाया। पांचवें गेम में भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन वातानाबे ने 11-9 से गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम किया। इसके साथ ही जापान ने स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

निर्णायक मुकाबले में तान्वी खन्ना का दमदार प्रदर्शन

भारत और जापान के बीच जीत का फैसला तीसरे मुकाबले में हुआ। तान्वी खन्ना ने अकारी मिदोरिकावा के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और 12-10, 11-9, 4-11, 12-10 से मुकाबला जीत लिया। तान्वी की इस जीत के साथ भारत ने जापान को 2-1 से हराकर महिला टीम स्पर्धा में महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। जापान के खिलाफ जीत से पहले भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने अपनी शुरुआती टीम स्पर्धा में चीन को भी 2-1 से मात दी थी। वहीं, भारतीय पुरुष स्क्वैश टीम ने चीन को 3-0 से हराया।

ईशा सिंह ने जीता रजत पदक

एशियाई खेलों में सोमवार को भारत के लिए शूटिंग में भी अच्छी खबर आई। ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल व्यक्तिगत फाइनल में रजत पदक जीता। ईशा ने 38 अंक हासिल किए और चीन की शियाओ जियारुइक्सियान के साथ बराबरी पर रहीं। शूट-ऑफ के बाद चीन की खिलाड़ी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि उत्तर कोरिया की किम ह्योन सुक ने 34 अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

कुराश और मुक्केबाजी में भी पदक पक्के

कुराश में पिंकी बलहारा महिलाओं के 78 किलोग्राम से अधिक वर्ग के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की मो सू-मिन से हार गईं, लेकिन उन्होंने कांस्य पदक पक्का कर लिया। मुक्केबाजी में लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की सेओंग सुयोन को हराकर पदक सुनिश्चित किया।

तीरंदाजी में चीकिता तनिपर्थी क्वार्टर फाइनल में

महिलाओं की कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में चीकिता तनिपर्थी ने राउंड ऑफ 16 में चीनी ताइपे की चेन यी-शुआन को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इससे पहले उन्होंने राउंड ऑफ 32 में भूटान की दोर्जी डोल्मा को हराया था। वहीं, ज्योति सुरेखा वेन्नम को राउंड ऑफ 16 में दक्षिण कोरिया की कांग येओनसियो से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले उन्होंने कजाकिस्तान की अडेल झेक्सेनबिनोवा को हराया था।

क्रिकेट में बारिश ने रोका मुकाबला

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। बेहतर वरीयता के आधार पर भारत ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने हांगकांग को 3-0 से हराया। पुरुषों की कंपाउंड तीरंदाजी में गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु ने अपने ही हमवतन साहिल जाधव को 149-148 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि, महिला सेपकटकरॉ में भारत को जापान के खिलाफ 1-2 से हार मिली। इस हार के बाद भारतीय टीम ग्रुप बी में सबसे नीचे रही और प्रतियोगिता से बाहर हो गई।

सर्फिंग में पुरुषों की शॉर्टबोर्ड स्पर्धा के तीसरे दौर में सिवाराज बाबू को फिलीपींस के अल्किसो जायुआर्ड के खिलाफ हार मिली। वहीं, किशोर कुमार अनबरासु ने चीन के मा वेनसोंग को 9.86-8.80 से हराकर अगले चरण की ओर कदम बढ़ाया।